संदर्भित आंशिक भूभाग पर चल रहे जमाबंदी के रद्दीकरण हेतु अमनौर सीओ को कार्रवाई हेतु
निर्देश


मढ़ौरा (सारण).। शनिवार को सारण डीएम अमन समीर ने बंद पड़ी मढ़ौरा चीनी मिल की अमनौर प्रखंड अंतर्गत अरना कोठी कृषि फार्म के सरकारी जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया। उक्त जमीन अमनौर प्रखंड अंतर्गत अरना में 116 एकड़ तथा कटसा में 16 एकड़ हैं। जिसमें अरना में 30 एकड़ विद्युत उपकेंद्र के लिए पूर्व से उपलब्ध कराई गई भूमि, जिसपर निर्माण कार्य चल रहा है, 05 एकड़ कचरा डंपिंग हेतु तथा 70 एकड़ औद्योगिक क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सरकारी भूमि शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप समाहर्ता, डीसीएलआर मढ़ौरा, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र एवं अमनौर सीओ मौके पर उपस्थित थे। डीएम श्री समीर ने अमनौर सीओ को संदर्भित भूमि के कुछ आंशिक भाग पर चल रहे जमाबंदी के रद्दीकरण हेतु अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने तथा संदर्भित भूमि पर से एक अधूरे स्थाई संरचना सहित छोटे मोटे सभी अतिक्रमणों को एक सप्ताह के अंदर हटाते हुए पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया गया। ताकि शेष बची भूमि को अन्य परियोजनाओं के कार्यान्वयन में उपयोग किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि अमनौर विद्युत उपकेंद्र निर्माण के कारण एक नाला को जाम करने के कारण लगभग 10 गांवो का जल निकासी बाधित हो गया है। उक्त परिप्रेक्ष्य में कार्यपालक अभियंता, विद्युत ट्रांसमिशन को निर्देश दिया गया कि अविलंब निर्माण कार्य का नक्शा प्रस्तुत करते हुए नाला जाम को हटवाते हुए जल निकासी का कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें, ताकि 10 गांवो के जल निकासी की समस्या का निराकरण हो सके।
__