एकमा के रेल यात्रियों के आएंगे अच्छे दिन, फ्री वाईफाई और सीसीटीवी से लैस होगा स्टेशन

विनीत कुमार, एकमा
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत छपरा सिवान रेलखण्ड पर अवस्थित एकमा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं जल्द बढ़ाई जाएंगी। एकमा के रेल यात्रियों के अच्छे दिन जल्द आएंगे। एकमा रेलवे स्टेशन पर फ्री वाई फाई की सुविधा जल्द उपलब्ध हो जाएगी वहीं स्टेशन परिसर व सर्कुलेटिंग एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

रविवार को रेलवे बोर्ड द्वारा गठित यात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने एकमा व छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया।


यात्री सुविधा समिति के सदस्य डॉ अजीत कुमार सिंह, हिमाद्री बल व वीर कुमार यादव ने एकमा स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान एकमा रेलवे स्टेशन की गंदगी देख टीम ने आईओडब्ल्यू की क्लास लगाई व व्यवस्था जल्द सुधारने का निर्देश दिया। वहीं स्टेशन का आरक्षण काउंटर बन्द रहने की शिकायत पर सीनियर डीसीएम को भी फटकारा।

टीम ने एकमा स्टेशन पर बन रहे पुरुष व महिला वेटिंग रूम और पे एंड यूज शौचालय का निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ उसका निर्माण करने का सुझाव दिया।

उन्होंने एकमा स्टेशन पर जल्द ही नल के द्वारा जलापूर्ति शुरू किए जाने का निर्देश दिया व एकमा स्टेशन पर चल रहे चापाकल का निरीक्षण किया।


एकमा के रेलयात्रियों ने इस दौरान एक ज्ञापन टीम को दिया जिसमें मुख्य रूप से एकमा में ग्वालियर मेल व आम्रपाली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की।
यात्री सुविधा समिति टीम के सदस्य डॉ अजीत कुमार सिंह ने कहा कि एकमा में यात्रियों के बैठने की लिए बेंच लगाए जाएंगे जिससे ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों के अतिरिक्त भाजपा पश्चिमी मंडल के उपाध्यक्ष अविनाश चन्द्र उपाध्याय, राजू महाराज, चैतेन्द्र नाथ सिंह, सुमित कुमार, संजय कुशवाहा आदि उपस्थित थे।




Recent Comments