इसुआपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के दरवां गांव के लगन शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र विकास कुमार शर्मा की मौत रविवार को पोखर के पानी में डूबने से हो गई। वह शौच करने गांव की सीमा पर मुंजवनियां मेला के समीप गया था। जहां पोखरे में पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में डूब गया। बाद में आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर पड़ी। जिसके बाद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला तथा सीएचसी इसुआपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक यूडी केस कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। जो इंटर की पढ़ाई करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रहा था। पिता बढ़ई का काम कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। होनहार बेटे की असामयिक मौत से उन्हें गहरा सदमा लगा है। वहीं घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। माता नीलम देवी दहाड़े मार-मार कर रो रही थी। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय डटरा पुरसौली पंचायत के मुखिया संगम बाबा ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दिया तथा उनका ढा़ढ़स बंधाया। वहीं निजी तौर पर आर्थिक सहायता भी की। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता छविनाथ सिंह, विनीत सिंह,सोनू सिंह,विक्रांत शर्मा,लालू अंसारी,अमरेंद्र कुमार ने भी शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उनका ढा़ढ़स बंधाया। घटना की खबर मिलते ही वायपीएल संयोजक युवराज सुधीर सिंह ने मृतक के प्रति अपनी सम्बेदना ब्यक्त की है.तथा पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है.