इसुआपुर में ट्रक ने दो लोगों को रौंदा, एक की मौत,दूसरे की हालत गंभीर
इसुआपुर (सारण)।
इसुआपुर बाजार पर शनिवार की अगले सुबह लगभग 6 बजे पुलिस चेक पोस्ट के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने दो लोगों को रौंद दिया। जिसमें इसुआपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव के लगभग 65 वर्षीय राजमिस्त्री पंचरतन राम की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वे साइकिल से इसुआपुर बाजार से घर लौट रहे थे। वहीं प्रमंडलीय अमीन संघ के अध्यक्ष बनियापुर थाना क्षेत्र के रजौली गांव के तथा वर्तमान में अमनौर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी गिरीशदेव मिश्रा उर्फ नक्शा बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए सीएचसी इसुआपुर ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। नक्शा बाबा छपरा, सिवान तथा गोपालगंज जिलों में मोटरसाइकिल से घूम घूम कर राजस्व नक्शा बेचने का काम करते थे। घटना घटित होने के बाद ट्रक से कूद कर भाग रहे ड्राइवर को लोगों ने पकड़कर लिया तथा इसुआपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।घटना से आक्रोशित लोगों ने सत्तरघाट- छपरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि पुलिस प्रशासन तथा प्रशासनिक पदाधिकारी घटनास्थल पर आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। घटना के लगभग 5 घंटे बाद मढ़ौरा गौरा ओपी थाना पुलिस के साथ मढ़ौरा एसडीएम योगेंद्र कुमार तथा डीएसपी इंद्रजीत बैठा जामस्थल पहुंचे। जिनके साथ अंचलाधिकारी इसुआपुर पुष्कल कुमार भी थे। जिन्हें लोगों के आक्रोश का कोप भाजन होना पड़ा। आक्रोशित लोग घटना की मुख्य वजह बाजार पर डेढ़ महीने से खड़ी बालू लदे दर्जनों जब्त ट्रकों को बता रहे थे। जिससे मुख्य सड़क संकीर्ण हो गई है । वहीं बार-बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही दुकानदारों के व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है। पूर्व में दुकानदारों द्वारा सीओ इसुआपुर तथा थानाध्यक्ष को समस्या से अवगत कराया गया था। जिसमें जब्त ट्रकों को बाजार परिसर से हटाने की गुहार लगाई गई थी। जिसका उक्त पदाधिकारी द्वारा कोई निदान नहीं निकाला जा सका था। लेकिन शनिवार को घटना घटित होने के पश्चात जब एसडीएम इसुआपुर पहुंचे तो लोगों की मांग पर 24 घंटे के अंदर ट्रकों को बाजार परिसर से हटाने का आश्वासन दिया। वहीं लोगों द्वारा थानाध्यक्ष इसुआपुर के स्थानांतरण की मांग को एसपी सारण के पास अनुशंसा किए जाने का आश्वासन भी दिया। साथ ही सड़क दुर्घटना पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर के रूप में अस्थाई जिकजैक का तीन स्पॉट बनाए जाने की भी बात कही। जिसे बाद में स्थाई रूप दिया जाएगा। जिसके लिए पुरसौली महावीर मंदिर के पास, इसुआपुर थाना मोड़ के पास तथा आतानगर मोड़ के पास जगह चिन्हित किया गया। जहां बालू भरे ड्रमों को रखकर जिकजैक स्पीड ब्रेकर बनाया जाएगा। वहीं थाना मोड़ के पास से पुलिस चेक पोस्ट को हटा कर पुरसौली एसआर पेट्रोल पंप के पास चेक पोस्ट बनाने की बात एसडीएम द्वारा कही गई। वहीं मृतक के आश्रितों को यथासंभव सरकारी मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।इन तमाम आश्वासनों के बाद लोग जाम स्थल से हटे। तब जाकर लगभग 6 घंटे बाद यातायात बहाल किया जा सका। स्थानीय लोगों की मांग पर एसडीएम ने सड़क जाम में शामिल लोगों पर एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर मढ़ौरा सीओ रविशंकर पांडेय, गौरा ओपी प्रभारी नित्यानंद सिंह, स्थानीय धीरज सिंह, छविनाथ सिंह,डॉ प्रतीक कुमार सिंह लाला, पूर्व मुखिया विजय सिंह, योगेंद्र सिंह, कपिल राम, रेनू तिवारी टून्ना बाबा, अरविंद चौरसिया, गंगासागर राम व अन्य थे।