बिनानी सीमेंट इकाई के पावर प्लांट में आग,दो महिलाओं की झुलसने से मौत
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान
जयपुर 6 जून। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा स्थित बिनानी सीमेंट इकाई के पॉवर प्लांट में आज आग लगने से दो महिलाओं की झुलसने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर झुलस गए। झुलसे मजदूरों को पिंडवाड़ा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां माहौल गरमा गया। लोग मुआवजे की मांग पर अड़ गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार्मिकों से मारपीट कर वाहनों में तोडफ़ोड़ की। घटना के बाद स्थानीय विधायक समाराम गरासिया पिण्डवाड़ा एसडीएम पीएस चुण्डावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह, सीआई पिण्डवाड़ा दलपतसिंह सहित पुलिस जाब्ता व प्रशासन मौके पर पहुंचा लोगों से समझाइश में लगे रहे। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है।




Recent Comments