• 2 दिसंबर से चलेगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान
• जिले के छह प्रखंडों में चलेगा अभियान
• माइक्रो प्लान बनाकर कार्य करने का दिया निर्देश
छपरा/ 21 नवम्बर: जिला उप विकास आयुक्त कार्यालय सभागार में क्षेत्रीय अपर स्वास्थ्य निदेशक(आरएडी) डॉ. अरविन्द कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक की गयी।
बैठक में आरएडी डॉ. गुप्ता ने कहा कि जिले के छह प्रखंडों में 2 दिसंबर से अभियान की शुरूआत की जायेगी। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन प्रखंडो में शत-प्रतिशत टीकाकरण करना सुनिश्चित करें।
सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने कहा कि सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चार चरणों में चलाया जाएगा। प्रथम चरण में 2 से 12 दिसबंर, दूसरे चरण में 6 से 16 जनवरी, तीसरे चरण में 3 से 13 फरवरी व चौथे चरण में 2 से 16 मार्च 2020 तक चलाया जाएगा। उन्होने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर हाल में सर्वे रिपोर्ट जांच कर जिला मुख्यालय को भेज दें। ड्यू लिस्ट तैयार करें। टीकाकरण अभियान से एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। बैठक में एसीएमओ डॉ. सरोज सिंह,डीएमओ डॉ. दिलीप कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ वीके चौधरी, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ रंजितेश कुमार, यूनिसेफ एसएमसी आरती त्रिपाठी, छह प्रखंड के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सीडीपीओ, बीएचएम, बीसीएम शामिल थे।

जिले के छह प्रखंडों में चलेगा अभियान:
जिले के छह ऐसे प्रखंडों को चिन्हित किया गया है जहां पर टीकाकरण का लक्ष्य 80 प्रतिशत से कम है। जिसमें परसा, लहलादपुर, पानापुर, मढौरा, मांझी, मशरख को शामिल किया गया है। जहां पर सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जायेगा।

बैनर पोस्टर के माध्यम से होगा प्रचार-प्रसार:
इस दौरान सभी चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिया गया कि फिल्ड विजिट कर समन्वय स्थापित करेंगे। गांव मुखिया, जनप्रतिनिधि से समन्वय स्थापित करना है। साथ प्रचार-प्रसार के लिए बैनर पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।

माइक्रोप्लान के तहत होगा टीकाकरण:
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के लिए माइक्रोप्लान बनाया गया है। टीकाकरण के प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रखंड से जिला स्वास्थ्य विभाग को भेजनी है। सभी आशा को ऐसे एरिया को सर्वे करने का निर्देश दिया गया है जहां के बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित है। सभी बीएचएम को सर्वे रिपोर्ट प्राप्त कर जिला मुख्यालय को भेजना है। इसके साथ ही साप्ताहिक समीक्षा बैठक में भी इसके बारे में जानकारी देनी है।