पटना सहित सभी जिलों में आधुनिक फूल मंडी स्थापित करने की मांग, माली कल्याण समिति ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए माली समाज का प्रतिनिधिमंडल
छपरा / संजय कुमार पांडे।
माली कल्याण समिति ने पटना सहित बिहार के सभी जिलों में आधुनिक और बड़े स्तर की फूल मंडी स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में समिति ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पारंपरिक फूल उत्पादकों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
समिति का कहना है कि बिहार में फूलों का उत्पादन और व्यापार हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है। विशेष रूप से माली और मालाकार समाज पीढ़ियों से फूल उत्पादन, व्यापार और माला निर्माण के कार्यों से जुड़ा है। इसके बावजूद, राज्य में एक भी व्यवस्थित और संगठित फूल मंडी उपलब्ध नहीं है।
फूल एक अत्यधिक नाशवान (शीघ्र खराब होने वाला) उत्पाद है। उचित बाजार, भंडारण और परिवहन की सुविधा के अभाव में किसानों और छोटे व्यापारियों को मजबूरन बिचौलियों के हाथों औने-पौने दामों पर अपने फूल बेचने पड़ते हैं, जिससे उन्हें लागत का सही मूल्य नहीं मिल पाता।
पटना में आधुनिक मंडी की विशेष आवश्यकता
आवेदन में राजधानी पटना में एक आधुनिक फूल मंडी की स्थापना को अत्यंत आवश्यक बताया गया है। पटना राज्य का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के कारण विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में फूल यहीं पहुंचते हैं। वर्तमान में व्यापार बिखरा होने के कारण यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और भंडारण जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

विज्ञापन
किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार और रोजगार
समिति ने बताया कि यदि पटना में आधुनिक सुविधाओं से लैस फूल मंडी बन जाती है, तो इससे उत्पादकों को एक सुनिश्चित बाजार मिलेगा। इसके साथ ही कोल्ड चैन, पैकेजिंग, परिवहन और थोक व्यापार के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। समिति ने राज्य सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है ताकि फूल उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।




Recent Comments