छपरा। स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में संत शिरोमणि एवं महान समाज सुधारक कवि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया-बहनों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ भाग लिया।

विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से संत रविदास जी के जीवन, उनके महान दर्शन, सामाजिक समरसता और मानवतावादी विचारों को बेहद सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने संत रविदास के समतामूलक समाज, सामाजिक सद्भाव, श्रम की प्रतिष्ठा और मानव-मानव के बीच व्याप्त भेदभाव को मिटाने वाले संदेशों को अपनी रचनाओं में प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

विज्ञापन

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संत परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के प्रति गहरी जागरूकता पैदा करना था। प्रधानाचार्य विनोद कुमार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जयंती प्रमुख अनिल कुमार आजाद और प्रतियोगिता प्रमुख विशाल कुमार आजाद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का पूरा जीवन और उनके अनमोल विचार आज के समय में भी समाज को समानता, आपसी सद्भाव और बंधुत्व की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य बंधु-भगिनियों में राजेश कुमार पाठक, राजेश कुमार, मणि भूषण सिंहा, दर्शना सिंह, नीलू कुमारी, स्वाति, दिलीपपति त्रिपाठी, इंदु कुमारी, रितेश रंजन, प्रकाश कुमार सिंह, मनीष कुमार और ऋचा गुप्ता सहित कई अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।