राजस्थान के जिले~बूंदी स्थापना दिवस : भोर से सांझ तक रहेगा रोमांच

भूरे खां
बूंदी,23 जून। भोर के साथ ही शहनाइयां गूंजेगी, गणपति पूजन-वंदन होगा और विरासत दर्शन जिसमें धरोहरें 776 वर्षों की विकास यात्रा के साथ आमजन से रू-ब-रू होंगी। इसके साथ ही शुरू होगी विविध रचनात्मक गतिविधियां जो 24 जून बूंदी स्थापना दिवस को सार्थकता प्रदान करेंगी। इस बार इस आयोजन को राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की थीम पर मनाने की पहल कर जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने आमजन को इन योजनाओं में सहभागी बनाने का खास अवसर दिया है।
 जिला कलक्टर के निर्देशन में 24 जून को स्थापना दिवस समारेाह को मनाने की गतिविधियां इस तरह तय की गई है कि हर वर्ग की इनमें सहभागिता हो सके। बच्चों से लेकर बुजुर्गों  के लिए विभिन्न गतिविधियां होंगी, जो जल संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता आदि विषयों पर आधारित होंगी।
गढ़ पैलस से आरंभ होगी विरासत यात्रा
गढ़ पैलस से विरासत यात्रा (हेरीटेज वॉक) निकाली जाएगी।  विरासत यात्रा शहर के इन्द्रा बाजार, खोजागेट  होते हुए नाहर धूंस की बावड़ी का अवलोकन करते हुए सर्किट हाऊस स्थित बेटी गौरव उद्यान पहुंचेगी। हेरीटेज वॉक में शामिल सफारी वाहन पर शहनाई एवं अन्य वाद्य यंत्रों का वादन भी होगा। 
बेटियों के लिए रोपेंंगे पौधे 
सर्किट हाऊस स्थित बेटी गौरव उद्यान में नवप्रवेशित छात्राओं, उनके परिजनों तथा नवजात बालिकाओं के परिजनों द्वारा विशेष तौर पौधे रोपे जाएंगे। इसी स्थान पर बूंदी विरासत, इतिहास, स्वच्छ भारत मिशन तथा जल स्वावलंबन अभियान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 
अपनी बूंदी के लिए करेंगे रक्तदान 
स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के तहत सर्किट हाऊस स्थित डाक बंगला परिसर में स्वेच्छिक रक्तदान का कार्यक्रम होगा। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, स्वयं सेवक एवं सभी स्वेच्छिक तौर पर रक्तदान करेंगे।
कूंची से देंगे सार्थक संदेश 
सुबह 10 बजे से आर्ट गैलेरी में 6 से 8, 9 से 12 आयु वर्ग तथा कॉलेज विद्यार्थी वर्ग के लिए जल संरक्षण, बेटी बचाओ, स्वच्छ भारत मिशन एवं बूंदी विरासत विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चित्रकला प्रतियोगिता कक्षा 6 से 9 व 9 से 12 वर्ग एवं इससे अधिक, रंग साथ लाने होंगे। शीट मिलेगी।
सांस्कृतिक संध्या में झलकेंगी संस्कृति 
स्थापना दिवस के उपलक्ष में शाम 7 बजे से पुलिस ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में क्विज, चित्रकला एवं स्वच्छता में सर्वश्रेष्ट रहे कार्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में बूंदी ब्रश, संस्कृति संस्था, अडानी समूह, इंटेक, रेडक्रास, विभिन्न कोचिंग संस्थानों की भी भागीदारी रहेगी।
सुखमहल व राजकीय संग्रहालय में नि:शुल्क प्रवेश 
बूंदी स्थापना दिवस के उपलक्ष में 24 जून को सुखमहल एवं राजकीय संग्रहालय बूंदी में पर्यटकों एवं आमजन के लिए प्रवेश की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी।
शुरू होगा पोलीथीन फ्री जिला अभियान 
बूंदी जिले को पोलीथीन मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरूआत 24 जून को बूंदी स्थापना दिवस से होगी। जिले को पोलीथीन फ्री बनाने के इस अभियान में विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।  स्थापना दिवस पर शुरू होने वाले अभियान के तहत शुरूआत में बूंदी नगर परिषद के वाड्र्र 1 व 2 को पॉलीथीन मुक्त व स्वच्छ किया जाएगा। ⁠⁠⁠⁠