दैनिक खोज खबर/बनियापुर, 01 जुलाई: मिशन शक्ति के अंतर्गत आज बनियापुर प्रखंड की सिसई पंचायत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जीविका एवं जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन (DHEW), सारण, WCDC के संयुक्त तत्वावधान में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना था।

इस अवसर पर डालसा के अधिवक्ता अमन वत्स द्वारा महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है और इसमें शामिल होने पर कड़ी सजा का प्रावधान है।

DHEW सारण की जेंडर स्पेशलिस्ट सुजाता श्री ने महिलाओं को मिशन शक्ति के घटकों – वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही दहेज प्रथा एवं साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।

जीविका की दीदियों ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के अंत में जिला मिशन समन्वयक निभा, डालसा के अधिवक्ता अमन वत्स एवं जेंडर स्पेशलिस्ट सुजाता श्री द्वारा उपस्थित सभी महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को बाल विवाह न करने एवं न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

जिला मिशन समन्वयक निभा ने कहा कि ‘सखी वार्ता’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि अंतिम पायदान पर बैठी महिला तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचे। जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी सही मायने में सशक्तिकरण होगा।

कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, जीविका की CM एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। अंत में हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी वाले पंपलेट वितरित किए गए।