मांझी(सारण)। केंद्र सरकार के किसान विरोधी बिल के खिलाफ बिहार के मोतिहारी से निकलकर यूपी के वाराणसी के लिए पदयात्रा करते चला सैकड़ों सत्याग्रही किसानों का जत्था का शुक्रवार की देर शाम मांझी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मांझी के रामघाट पर वरीय किसान नेता दिनेश सिंह तथा युवा नेता अजय सिंह के नेतृत्व में जत्थे में शामिल पुरुष एवं महिला सत्याग्रही किसानों के जत्थे का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौके पर कामरेड अरुण कुमार, रंजन शर्मा, अरविन्द सिंह, कृष्णा सिंह पहलवान समेत अनेक लोग मौजूद थे। इससे पहले जत्थे में शामिल किसानों ने राम घाट स्थित हनुमान मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। जत्थे में शामिल किसानों ने बताया कि केन्द्र की सरकार जब तक नई कृषि बिल वापस नही लेती तबतक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने नई कृषि बिल को किसान व मजदूरों के लिए खतरनाक बताया। जत्थे में शामिल किसानों ने राम घाट पर उड़िया भजन गाकर पदयात्रियों का भरपूर मनोरंजन किया।अनुभव जिंदगी का सोशल ग्रुप के सदस्यों ने जत्थे में शामिल किसानों का भरपूर आतिथ्य सत्कार किया। शनिवार की सुबह मांझी थाना पुलिस की देखरेख में किसानों का जत्था जय प्रकाश नगर सिताब दियारा के लिए रवाना हो गया। जत्थे में संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय कुमार, उड़ीसा के जिलाध्यक्ष शेषनाथ नंद, उमाकांत भारत, मनौवर अली, हिमांशु तिवारी, मधु समेत सैकड़ो किसान शामिल थे।