सीवान : शहर के शिवाजी नगर  फतेहपुर स्थित सिम्पैथी फाउंडेशन के कार्यालय में रविवार को डिजिटल जागरूकता संगोष्ठी विकास कुमार सिंह के अध्यक्षता में आयोजित किया गया । इस मौके पर संगोष्ठी को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के समन्वयक नवीन सिंह परमार ने कहा कि  आज कल मोबाइल फोन पर कॉल करके भोले भाले लोगों से उनका एटीएम   नंबर तथा पीन मांगकर उनके खाते से पैसे की निकासी कर ले रहे हैं जो कि एक गंभीर साइबर अपराध है,ऐसे लोग पकड़े भी नही जा रहे। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध रोकने के लिए लोगों की जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है । संगोष्ठी को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य व साइबर विशेषज्ञ  मनीष  कुमार सिंह ने कहा कि यदि ऐसा फ़ोन किसी को आता है तो तुरंत अपने बैंक के ब्रांच में संपर्क कर उस व्यक्ति का मोबाइल नंबर  दें तथा नजदीकी थाना की इसकी सूचना दें। वही फाउंडेशन की  सदस्य श्रीमती प्रतिभा देवी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कहता है की मैं आपके बैंक के ब्रांच से बोल रहा हूँ और आपसे आपके खाते के बारे में जानकारी मांगे तो कदापि उसे जानकारी नहीं देंगे । उन्होंने कहा कि  किसी भी बैंक को किसी प्रकार की जानकारी लेनी होगी तो वह आपको ब्रांच में बुलायेगा ना कि फोन से बात करेगा। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रेडियो स्नेही के निदेशक मधुसूदन पंडित ने कहा कि  आर्थिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कैशलेस की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे खाता के माध्यम से मिल रही है।
इस मौके पर संगोष्ठी में शामिल लोगों को  डिजिटल वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारियां दी गई।
संगोष्ठी में राणा प्रताप सिंह, संजय कुमार, सुनिता कुमारी, मंजू कुमारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थें ।