परवेज अख्तर/सीवान(02/08/25)। मंडल कारा में शनिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में एक बंदी की मौत हो गई। जेल प्रशासन ने उसे सदर अस्पताल लाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे स्वजनों ने शव को लेकर सिवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची मुफस्सिल व नगर थाना की पुलिस ने काफी प्रयास के बाद लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी असलम मियां के पुत्र फैज अली उर्फ बिहारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फैज को मुफस्सिल पुलिस ने 31 जुलाई की शाम चोरी के एक मामले में पकड़ कर जेल भेजा था। स्वजन फैज की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। मृत फैज के भाई सैफ अली ने बताया कि फैज की हालत के बारे में न तो जेल प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन ने कोई सूचना दी। शनिवार को जब वह मंडल कारा अपने भाई को सामान देने पहुंचा तो देखा की उसका भाई एंबुलेंस से जा रहा है। पीछा करते हुए सदर अस्पताल पहुंचा। जहां उसे पता चला कि फैज की मौत हो चुकी है।इस मामले में काराधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि मंडल कारा में संसीमित विचारधीन 18 बंदी बिहारी जीआर-5000/23 टीआर-1110/25 धारा-379, 411 आइपीसी के अंतर्गत 31 जुलाई को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अजय कुमार मिश्रा के न्यायालय से रिमांड होकर इस कारा में प्रवेश पाए। उक्त बंदी को कारा अस्पताल में भर्ती कर कारा चिकित्सक द्वारा इलाज किया जा रहा था। शनिवार को फैज ने कारा अस्पताल से निकल कर परित्यक्त घोषित वार्ड नंबर पांच से आठ के पास स्थित पिपल के पेड़ से लटक कर पीपल की तना एवं रस्सी के सहारे आत्महत्या का प्रयास किया। उसे बंदियों एवं कर्मियों के सहयोग से नीचे उतारकर अविलंब इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे 12:15 बजे अपराह्न में मृत घोषित किया गया। बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु पटना भेज दिया गया है।
–प्रवासी महिलाओं को अंगवस्त्र से सम्मानित कर दी गई विदाई

सिवान: शहर के अतिथि गृह में शनिवार को सात दिनों से आए हुए प्रवासी महिलाओं को भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने अंग वस्त्र से सम्मानित कर विदा किया। परवासी महिलाओं में सिवान भाजपा के प्रभारी चांदनी पांडेय, देवरिया महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष भारती शर्मा, देवरिया की जिला मंत्री सीमा जायसवाल, सिवान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता जायसवाल, सोनी कुमारी, बेबी देवी, रश्मि गिरि सहित अन्य शामिल थीं। इन सभी ने विगत सात दिनों में सिवान विधानसभा के दर्जनों गांव में घूम कर भारतीय जनता पार्टी और नीतीश कुमार के विकास कार्यों का बुद्धिजीवी महिलाओं, डाक्टर, आशा सहित अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की। महिला मोर्चा के प्रभारी चांदनी पांडेय ने बताया कि बिहार में ट्रे-चार के तहत बहुत जल्द बहाली होने वाली है। बिहार में महिलाओं को विशेष रूप से आरक्षण का लाभ होने जा रहा है। साथ निश्चय टू के तहत गांव को स्वच्छ बनाने की मुहिम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने छेड़ी है। पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मियों की बहुत जल्द तैनाती होने जा रही है। नीतीश सरकार आंगनबाड़ी से लेकर जीविका दीदी सहित सबको समृद्ध बनाने की राह पर है। आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने तीन हजार प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य सुभाष कुमार सिंह सहित आदि लोग मौजूद रहे।—————————-
शिक्षा के विकास से होगा समाज का विकास

सिसवन (सिवान) : प्रखंड के चैनपुर स्थित राजकीय सहायता प्राप्त मध्य विद्यालय में आठ लाख रुपये की लागत से निर्मित एक कमरे का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह ने किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास से ही समाज व राष्ट्र का विकास संभव है। शिक्षा वह साधन है जिससे समाज में फैली रूढ़िवादिता व अंधविश्वास को समाप्त किया जा सकता है। इससे वैज्ञानिक सोच को विकसित किया जाता है। कार्यक्रम को बीईओ मीनू कुमारी, वागीश नारायण त्रिपाठी, सुदामा प्रसाद, राजेश यादव, विनय तिवारी आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर अतिथियों ने पौधरोपण भी किया।

15 मरीजों की कैंसर स्क्रीनिंग में 10 मिले पाजिटिव

सिवान : आइडीए व बिहार हेल्थ सोसाइटी के तत्वाधान में सदर अस्पताल में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जयप्रभा मेदांता स्पेशिलिटी हास्पिटल पटना के चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। मेंदांता हास्पिटल के एसोसिएट डायरेक्टर सर्जिकल आनकोलाजी डा. संदीप कुमार ने बताया कि विशेष शिविर में करीब 15 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, इसमें 10 पाजिटिव पाए गए। इन मरीजों को उच्च संस्थान में इलाज कराने की सलाह दी गई। इस दौरान कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों को इससे संबंधित जानकारी भी दी गई। अपने अपने व्याख्यान में डा. संदीप कुमार ने कहा कि अब कैंसर से डरने की जरूरत नहीं है, हर प्रकार के कैंसर का इलाज अब संभव है। एक बार कैंसर मुक्त हो जाने के बाद आदमी सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में बीमारी की पहचान हो जाने व इसके समुचित रुप से इलाज के बाद यह पूर्णरूप से ठीक हो सकती है। उन्होंने कहा कि हर महिला और पुरुष को उनके शरीर में हो रहे बदलाव पर ध्यान देने की जरूरत है। विभिन्न कैंसर के लक्षणों के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर गर्दन में सूजन हो, निगलने में परेशानी हो, मुंह में छाला बार-बार पड़े और ठीक न हो तो ये मुंह और गले के कैंसर के लक्षण माने गए हैं। खाना ठीक से न पचे, काफी गैस होता हो, पेट फूले, भूख न लगे तथा वजन घटता चला जाए तो यह पेट के कैंसर के लक्षण हैं। निपल से पानी निकले या खून निकले या कोई गांठ हो तो ये स्तन कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। मैनापोज के बाद अगर किसी महिला को रक्तस्राव हो, बीपी हो, मधुमेह हो तथा मोटापा हो तो ये बच्चेदानी के कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। खून मिश्रित डिस्चार्ज अगर बार-बार हो तथा दर्द भी हो तो ये सर्वाइकल कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। भूख कम लगना, पेट फूलना, अरूचि होना, पेट में दर्द होना अंडाशय के कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। कहा कि इन लक्षणों वाले मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेते हुए इलाज कराना चाहिए। मौके पर अधीक्षक डा. अनिल कुमार सिंह, कलकत्ता नर्सिंग होम के डा. चंद्रमोहन सिंह, बिहार डेंटल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. मुमताज सहित अन्य चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

किसान संगोष्ठी में किसानों को दी गई जानकारी

महाराजगंज (सिवान) : अनुमंडल मुख्यालय के सारण नहर प्रमंडल कार्यालय परिसर में जल संसाधन विभाग के सौजन्य से व सारण नहर प्रमंडल महाराजगंज के तत्वाधान में नहर सिंचाई प्रणाली को बेहतर बनाने को ले शनिवार को किसानों के साथ बैठक हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक अभियंता सह योजना एवं मानिटरिंग विनय कुमार, डीसीएलआर अमन आनंद शामिल हुए। इस अवसर पर सारण नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जल संसाधन विभाग से मिले निर्देश पर किसानों के साथ बैठक का मुख्य उद्देश्य नहर प्रणाली को बेहतर बनाना है। नहर का पानी किसानों के अंतिम खेत तक पहुंच सके इसके लिए विभाग की ओर से कार्य योजना के साथ अथक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छपरा शाखा नहर एवं रामपुर वितरणी नहर से निश्रित नहरों के क्षेत्र से आने वाले किसानों के साथ बैठक कर सुझाव लिए गए। साथ ही नहर प्रणाली से संबंधित किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कलमबद्ध किया गया ताकि इस पर बेहतर कार्य किया जा सके तथा इससे किसानों की खेतों तक पानी पहुंचाया जा सके। इस मौके पर अवर प्रमंडल पदाधिकारी प्रकाश भारती, तरवारा के अवर प्रमंडल पदाधिकारी नीलमणि, जामो बाजार के अवर प्रमंडल पदाधिकारी रमन रणधीर वर्मा सहित सभी विभागीय पदाधिकारी, कर्मचारी व काफी संख्या में किसान मौजूद थे।

बड़हरिया: हथियार का फर्जी लाइसेंस मामले में प्राथमिकी

परवेज अख्तर/सीवान

बड़हरिया थाना क्षेत्र के धनांव निवासी रमेंद्र सिंह के खिलाफ हथियार का फर्जी लाइसेंस लेने के मामले में स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी की है। बड़हरिया थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि उपरोक्त लाइसेंस धारक का लाइसेंस जांच में फर्जी पाया गया है। इस मामले में गृह विभाग (विशेष शाखा) बिहार पटना पत्रांक 5715 दिनांक 3.6.2022 एवं पुलिस मुख्यालय विधि व्यवस्था प्रभाग पटना पत्रांक सं.- 118 दिनांक 22.7.2025 के आदेश के आलोक में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्राथमिकी की गई है। आरोपित का लाइसेंस नं. 9306 दिनांक 12.1.2010 फर्जी पाया गया है। इसी तरह दूसरी ओर जीबी नगर की पुलिस ने गृह विभाग पुलिस मुख्यालय व पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना क्षेत्र के खमहौरी निवासी जयमंगल राय के खिलाफ गुरुवार को प्राथमिकी की गई है। आरोपित का लाइसेंस सं. 130 दिनांक 11.1211996 है जो जांच में फर्जी पाया गया है।

सड़क सुरक्षा को लेकर लेकर जागरुकता शिविर का आयोजन
बसंतपुर (सिवान) : प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार सिवान के तत्वावधान व पैनल अधिवक्ता परशुराम सिंह के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा से जुड़े विधिक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला के माध्यम से सड़क सुरक्षा के उपाए प्रदर्शित किए गए। बेहतर पेंटिंग बनाने वालों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। पैनल अधिवक्ता द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं व जुड़े विधिक सहायता की जानकारी दी गई। सड़क पर पैदल व वाहनों से चलने की विशेष जानकारी देते हुए लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर न्याय रक्षक इरशाद हुसैन, प्रधानाध्यापक डा. विजय शंकर पांडेय, सअनि अजीत कुमार, रूबी शर्मा, रीना सिंह, ओमप्रकाश श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

—
20 लीटर शराब व एक के साथ दो युवक गिरफ्तार

दारौंदा (सिवान) : थाना क्षेत्र के मड़सरा मध्य विद्यालय के दक्षिण में शुक्रवार को पुलिस ने 20 लीटर शराब व एक बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक मड़सरा निवासी जितेंद्र यादव और राजेश महतो बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से एक बाइक भी बरामद की है। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय भेज दिया गया है।

समारोह आयोजित कर शिक्षिका को दी गई विदाई

रघुनाथपुर (सिवान) : प्रखंड के नवादा स्थित अमितेश बाबू मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को समारोह आयोजित कर शिक्षिका कुमारी अनुराग्नि को विदाई दी गई। इस मौके पर उन्हें माला पहनाकर तथा उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यकाल की सराहना की गई। इस मौके पर शिक्षिक ने भी अपने कार्यकाल में मिले सहयोग को साझा किया। ज्ञात हो कि शिक्षिका का स्थानांतरण भगवानपुर प्रखंड के सहसरांव में हुआ। मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना कुमारी ने उनके कार्य काल की सराहना की। अमित बाबू मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौहान ने कहा कि शिक्षक का महत्व हमारे जीवन में बहुत अधिक है। वे बच्चों की जीवन को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर सुभाष तिवारी, राकेश कुमार पांडेय, विनय कुमार, शगुप्ता परवीन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

धूमधाम से मना शनिचरा बाबा पूजा समारोह

सिवान : शहर के श्रीनगर स्थित राजशाही उत्सव पैलेस में अखिल भारतीय तुरहा जागरण मंच के तत्वावधान में शनिवार को शनिचरा बाबा पूजा समारोह धूमधाम से मनाया गया। तुरहा जागरण मंच के जिलाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार बंटी, जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्धाटन किया। इस दौरान देर शाम तक शनिचरा बाबा के दर्शन को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वार्षिक पूजा पर परंपरागत तरीके से शनिदेव की पूजा की गई तथा महिलाओं ने मांगलिक गीत गाया। पूजा में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने मत्था टेका। शनिचार बाबा का विधि विधानपूर्व पूजा-अर्चना कर पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दाैरान तुरहा समाज के मैट्रिक, इंटर, बीए की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पूजा में जिले के सभी वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ शामिल हुए तथा भगवान शनिदेव के सामने मत्था टेक मन्नतें मांगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि तुरहा समाज द्वारा आयोजित इस पूजा में नगर के सभी वर्ग के लोग काफी श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं तथा भगवान शनिदेव के सामने मत्था टेक कृपा बरसाने की मन्नत मांगते हैं। मौके पर विनोद साह, रामलखन साह, सुनील साह, संतोष कुमार साह आदि मौजूद रहे।

सीवान: दो जगहों से शराब के साथ एक महिला सहित दो गिरफ्तार

फोटो

परवेज अख्तर/सीवान

उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अलग-अलग स्थानों से शराब बरामद कर एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके से एक शराब तस्कर फरार होने में सफल रहा। मामले में उत्पाद अधीक्षक शशांक कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बाल बंगरा गांव में शराब निर्माण के साथ तस्करी हो रही है। जहां अवर निरीक्षक कमलेश पंडित द्वारा छापेमारी की गई तो 84 लीटर देसी शराब,नौ लीटर शराब, शराब निर्माण करने वाले यंत्र, पाउच सील करने वाला दो पैंडल मशीन, 31 लोहे का मुहर और पाउडर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला शराब तस्कर गांव निवासी अनूप माली की पत्नी बेबी देवी है। वहीं उत्पाद विभाग की टीम को देख अनूप माली मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भादा स्थित शिव मंदिर के समीप से यूपी से आटो से शराब लेकर आ रहा एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। जहां आटो से 110 लीटर शराब बरामद की गई। गिरफ्तार शराब तस्कर नगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी त्रिलोकी प्रसाद का पुत्र राजा कुमार गुप्ता है, जिसे जेल भेज दिया गया।——————————————————–