दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखण्ड के तरैया बाजार स्थित प्रसिद्ध व्यवसायी व समाजसेवी ओम प्रकाश सिंह के आवास पर शनिवार को महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के रिहाई की मांग को लेकर समाज के प्रबुद्ध व गण्यमान्य लोगों ने बैठक की। सोशल मीडिया पर लगातार चल रहे पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के रिहाई की मांग के बाद जमीनी स्तर पर भी यह अभियान एक आकार लेने लगा है और औपचारिक तौर पर तरैया,पानापुर, मसरख, बनियापुर से आज इसकी शुरुआत की गई। तरैया बाजार स्थित ओम प्रकाश सिंह के आवास पर सैकड़ों कि संख्या में जुटे पूर्व सांसद के समर्थकों ने “प्रभुनाथ सिंह को रिहा करो” लिखा हुआ बैनर हाथ में लेकर विभिन्न अखबारों, टीवी चैनलों व सोशल मीडिया के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष अपनी मांग रखी। कार्यक्रम में शामिल स्थानीय ओम प्रकाश सिंह समेत क्षेत्र भर से आए हुए जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों ने बताया कि अपने अनुज दीनानाथ सिंह के अंतिम संस्कार में पैरोल पर पहुंचे पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के बढ़ती उम्र और बिगड़ते स्वास्थ्य की स्थिति देखकर हमें चिंता हो रही है और हम सरकार से यह निवेदन करते हैं कि हमारे नेता को अविलंब रिहा किया जाए। मौके पर भाजपा नेता शेखर सिंह, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि गणेश सिंह, श्रीकांत सिंह, रविन्द्र सिंह, डॉ रंजय सिंह, नील कमल सिंह, दिवाकर सिंह, दीपक कुमार, उदय सिंह, समेत सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित थे।

___