सारण/एकमा -एकमा पुलिस अंचल के सरयूपार गांव के समीप सीमेंट लदे ट्रक के अचानक अनियंत्रित होकर पलट जाने से चालक व सह चालक घायल हो गये. घायल ट्रक चालक व सह चालक का उपचार निजी अस्पताल में किया गया. बताया जाता है कि एक वर्ष से एकमा- सरयूपार सड़क का निर्माण धीमी गति से चल रहा है. सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढ़े बन गये है. जिसके चलते लोगों को पैदल चलने व वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है. आये दिन इस जर्जर सड़क पर दुर्घटना होती रहती है. इसके बाद भी सड़क निर्माण एजेंसी के द्वारा सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता है. इससे आम जनता में क्षोभ व रोष व्याप्त है. बताया जाता है कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण कराने की मांग को लेकर सरयूपार गांव में चौक पर सड़क जाम कर गांव के लोगों के द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था. जिसपर आर डबल्यू डी के अभियंता के द्वारा गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण जल्द कराये जाने का आश्वासन दिया गया था. बावजूद सड़क का निर्माण नहीं किया गया. क्षेत्र के लोगों ने विधायक श्रीकांत यादव ने मिलकर सड़क का निर्माण कार्य जनहित में शीघ्र कराये जाने की मांग की है. उधर विधायक श्रीकांत यादव ने विभागीय मंत्री से सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराये जाने का आग्रह किया है।