सिवान : सत्ता ही नहीं, व्यवस्था में परिवर्तन हो : जीतन राम
#हम के कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले पूर्व सीएम
#न्यूज़ इनपुट -परवेज़ अख्तर

बसंतपुर (सिवान) :
सत्ता परिवर्तन से कुछ नहीं होगा, जरूरत है व्यवस्था में परिवर्तन करने की। सभी राजनीतिक पार्टियों का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना है
लेकिन हमलोगों का एक ही उद्देश्य है व्यवस्था में परिवर्तन हो। ताकि गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों का कल्याण हो सके।
ये बातें शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित खेल मैदान में हम पार्टी के जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहीं। उन्होंने कहा कि गरीबी की परिधि में आने वाले सभी को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, चाहे वह किसी जाति से आता हो।
डॉ. भीमराव अंबेडकर कहा करते थे कि गरीबों का सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान हो तो वह धन प्राप्त कर लेगा। अरसे बाद देश को सशक्त और चमत्कारी नेतृत्व वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के रूप में मिला है और 27 वर्षों बाद केंद्र एवं राज्य में एक ही पार्टी की सरकार मिली है, जिससे विकास की उम्मीद जगी है। सम्मेलन को संबोधित करने वालों में वृषिण पटेल, डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह, नरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अजीत सिंह,
रामेश्वर रजक, सुभाष चंद्रवंशी, अनामिका पासवान, पंकज सिंह, अखिलेश मिश्रा आदि शामिल थे।
सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज सिंह ने की तथा मंच संचालन राकेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर कई लोगों ने
पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कई महिलाओं ने अपनी समस्याओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मांझी को आवेदन सौंपा।
—
संगठन को धार देने के लिए हो रहा दौरा : जीतन
भगवानपुर हाट (सिवान) :
पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी के संस्थापक जीतन राम मांझी ने भगवानपुर हाट के माघर गांव स्थित ह्वाइट हाउस के गेस्ट हाउस में शुक्रवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि यह दौरा पार्टी को धारदार बनाने एवं कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा करने के उद्देश्य से
किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना लक्ष्य है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पूरे बिहार में दौरा कर
पार्टी लोकसभा एवं विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने की संभावना की तलाश भी की जा रही है। बिहार में हम पार्टी ही है, जो सूबे के गरीबों,
दलितों, महादलितों, महिलाओं, युवाओं के लिए काम करती है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह, वृषिण पटेल, नरेंद्र सिंह, अनिल कुमार, प्रदेश महामंत्री अजीत सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, पूर्व उप प्रमुख उपेंद्र सिंह, मुकेश कुमार सिंह, प्रो. पारस नाथ सिंह, अशोक सिंह,
शैलेश कुमार मिश्र आदि उपस्थित थे।




Recent Comments