सिवान :शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम, उमड़ी भीड़
#परवेज़ अख्तर/सिवान :
ढाई माह बाद शनिवार की देर रात सऊदी के जद्दा में आंदर थाना क्षेत्र के भरौली निवासी अनुज राय के हत्या के बाद शव पहुंचा।
शव पहुंचने की सूचना पूर्व में ही परिजनों को मिल चुकी थी। सूचना मिलते ही रिश्तेदार एवं गांव के लोग पूर्व से ही मृतक के घर मौजूद थे। जैसे ही शव पहुंचा पूरे गांव में कोहराम मच गया। शनिवार की आधी रात लगभग 11:30 बजे गांव में जैसे ही शव पहुंचा गांव के मौजूद लोग एवं रिश्तेदारों की आंखें भर आईं। वहीं पत्नी सुप्रिया का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। मौजूद रिश्तेदार एवं गांव की महिलाओं ने सुप्रिया को बार-बार समझाने
की कोशिश की। बता दें कि पति की हत्या के बाद ढाई माह तक शव को स्वदेश लाने के लिए लगातार प्रयासरत थी। इसके लिए वह पदाधिकारी, सांसद, विधायक, मंत्री तक का चक्कर काट रही थी। शनिवार की रात 11:30 बजे शव पहुंचने के बाद मौजूद लोगों ने रात में ही भरौली गांव में ही अनुज के शव का दाह संस्कार किया। अनुज राय की चार वर्ष की पुत्री है। इस कारण अनुज राय के छोटे भाई अरुण राय ने भाई को मुखाग्नि दी। भाई अरुण राय ने बताया कि कंपनी द्वारा केवल शव को भेजा गया है। इन्होंने कंपनी पर आरोप लगाया है कि तीन माह से इनका पेमेंट भी कंपनी ने नहीं दिया था एवं इंश्योरेंस के कागजात भी कंपनी साथ में नहीं भेजी है। यहां से सऊदी जाने के पहले इंश्योरेंस कराया गया था, लेकिन शव के साथ कंपनी ने इंश्योरेंस का कागज नहीं भेजा है। उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया अपनाने के लिए पुलिस के समक्ष शव के ताबूत को खोला गया। इस दौरान आंदर थाना के सब इंस्पेक्टर मौजूद थे। अरुण ने बताया कि गांव के बुद्धिजीवी वर्ग के लोग एवं पुलिस के समक्ष शव को इसलिए खोला गया ताकि आगे हमें किसी भी कानूनी प्रक्रिया को अपनाने में कोई दिक्कत ना हो।
—————-