सिवान :कृषि के अलावा अन्य कार्यो में नहीं लगेंगे कर्मी
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
कृषि सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को भी कृषि के अलावा किसी अन्य कार्यो में नहीं लगाया जा सकेगा। यह आदेश कोई और नहीं बल्कि मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने दिया है। पूर्व में शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य के अलावा किसी अन्य कार्य में नहीं लगाने का आदेश राज्यस्तर से निर्गत है। अब कृषि सेवा से जुड़े कर्मियों के लिए भी आदेश जारी कर दिया गया। डीएम को लिखे पत्र में मुख्य सचिव ने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों व किसान सलाहकारों को कृषि कार्यो के अलावा किसी अन्य कार्यो में नहीं लगाने को कहा है। अपने पत्र में मुख्य सचिव ने कहा है कि कई जिलों से सूचना प्राप्त हो रही है कि बीएओ, कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को कृषि कार्यो के अलावा अधिप्राप्ति कार्य, जनगणना कार्य, निबंधन कार्य व कार्यो में प्रतिनियुक्त कर दिया जाता है। इससे कृषि योजनाओं के कार्यान्वयन में कठिनाई हो रही है। जबकि कृषि सेवा से जुड़े अधिकारियों व कर्मियों को धान की रोपनी, डीजल अनुदान वितरण कार्य, जिलास्तर पर प्रशिक्षण कार्य और इसके बाद प्रखंड स्तर पर विभिन्न योजनाओं के अधीन शिविर लगाकर उपदान का वितरण किया जाना है। वहीं विभिन्न योजनाओं के लिए जिला स्तर से प्रखंड स्तर व कृषि प्रक्षेत्र और किसानों के खेत में प्रशिक्षण के कार्यक्रम तिथिवार निर्धारित किये जा चुके हैं। जिसका समय पर कार्यान्वयन नहीं होने की स्थिति में कृषि की सभी योजनाओं और समयबद्ध कार्यक्रमों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। मुख्य सचिव ने अपने पत्र में सभी बातों को स्पष्ट करते हुए आदेश दिया है कि किसी भी स्तर से इस आदेश का उल्लंघन हुआ तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।