सिवान : कुख्यात लड्डन एवं चंदन को दूसरे जेल में शिफ्ट करने के लिए जिला प्रशासन ने लिखा पत्र
​-#पत्रकार राजदेव रंजन हत्या कांड का अभियुक्त है लड्डन
#विगत वर्ष 19 दिसंबर को हुई होमगार्ड जवान के हत्याकांड में भी है शामिल लड्डन एवं चंदन
#प्रवेज़ अख्तर
सिवान : 
गत 19 दिसंबर को हुसेनगंज थाना क्षेत्र के जुड़कन निवासी होमगार्ड वसींद्र दत्त पांडेय की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। जेल में बंद कुख्यात चंदन और पत्रकार हत्याकांड के अभियुक्त लड्डन मियां उर्फ अजहरुद्दीन बेग ने ही पांडेय की हत्या करवाई थी। हत्या की पूरी साजिश रचकर इन दोनों ने बड़हरिया थाना क्षेत्र के सावना गांव निवासी सद्दान हुसेन से गोली मरवाई। सद्दाम के साथ बिट्टू नामक एक युवक तथा एक किशोर भी था। अभी इनमें से किशोर की गिरफ्तारी हो चुकी है। किशोर ने ही गिरफ्तारी के बाद सारी सच्चाई पुलिस को बताई थी। किशोर भी बड़हरिया थाना क्षेत्र के ही मुसहरी गांव के कैल टोला का निवासी है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी कर जब पूछताछ की तो सारा मामला सामने आया था। होमगार्ड वसींद्र दत्त पांडेय की ईमानदारी से लड्डन और चंदन काफी परेशान थे। किसी भी गलत कार्य का विरोध करने के कारण दोनों कुख्यात अपराधी इनसे खार खाए हुए थे। जेल में ही बंद सद्दाम हुसेन को इसके लिए उकसाया। यह गांजा और आर्म्स के मामले में बंद था। 13 दिसंबर को बेल पर छूटने के पहले इसे वसींद्र दत्त की हत्या की सुपारी दे दी गई। जेल से बाहर निकलने के बाद सद्दाम का एकसूत्री उद्देश्य वसींद्र की हत्या करना था। विगत 19 दिसंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे उसने घर से साइकिल से जेल आते समय जुड़कन मोड़ के पास गोली मारकर वसींद्र की हत्या कर दी। इस तरह से जेल से बैठे जिले में  अपराध को उकसाने के कारण जिला प्रशासन एवं जेल प्रशासन ने इन दोनो को सिवान जेल से दूसरे जेल में शिफ्ट करने के लिए आवेदन लिख कर आग्रह किया है। ताकि ये यहां से हट सके और जिला में अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके। इस मामले में जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल प्रशासन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त सहमति से आवेदन लिखा गया है। 

क्या कहते है एएसपी
इस मामले में एएसपी ने बताया कि होमगार्ड हत्याकांड मामले में हत्या के साजिशकर्ता लड्डन एवं चंदन को  भागलपुर जेल में शिफ्ट करने के लिए जेल आईजी आनंद किशोर को पत्र लिखा गया है। ऐसे एक जेल से दूसरे जेल में स्थानांतरण आसान नही है लेकिन यहां सिवान जेल से इनलोगों को हटाना आवश्यक हो गया है। इसलिए जैसे ही आदेश मिलेगा इन्हें यहां से हटा दिया जाएगा। 
– कार्तिकेय शर्मा, एएसपी, सिवान