
मढ़ौरा(सारण)। उच्च विद्यालय मढ़ौरा के सभागार में शनिवार को प्रखंड स्तरीय “कला उत्सव 2026” का आयोजन किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार के दिशा-निर्देश में आयोजित इस प्रतियोगिता में मढ़ौरा के सरकारी विद्यालयों की कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी शानदार कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लोकगीत समूह में उच्च माध्यमिक विद्यालय अवारी की शिखा, अनामिका, आनंदी व मुस्कान, तथा सामूहिक नृत्य में उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनपुरा की आभा, अनुप्रिया, चंचल व पलक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं एकल स्पर्धाओं में कहानी वाचन में तनुज कुमार व अनुष्का कुमारी (खेदन प्रसाद उच्च विद्यालय), उपशास्त्रीय नृत्य में अंजलि कुमारी (सीताराम प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय), दृश्य कला में सृष्टि सिंह, शास्त्रीय नृत्य में इच्छा कुमारी एवं गायन एकल में दीक्षा कुमारी (तीनों उत्क्रमित +2 विद्यालय मुबारकपुर), मूर्तिकला में गुडी कुमारी (उच्च माध्यमिक विद्यालय नेथुआ) तथा स्वदेशी खेल खिलौना में रिया व आकांक्षा (खेदन प्रसाद उच्च विद्यालय) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विजेताओं के नामों की पुष्टि की। ये सभी विजेता छात्र-छात्राएं अब जिला स्तर पर मढ़ौरा का प्रतिनिधित्व करेंगे। मौके पर अरविंद उपाध्याय, गजेंद्र शर्मा,प्रमोद कुमार सिंह, राजकुमार राय, पवन सिंह, भीष्म यादव सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।




Recent Comments