छपरा: आगामी छठ महापर्व को लेकर शहर के ऐतिहासिक राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण और मरम्मत की पहल तेज हो गई है। छपरा विधायक छोटी कुमारी ने नगर आयुक्त के साथ परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

विधायक ने क्षतिग्रस्त पैदल पथ की मरम्मत, पश्चिम दिशा में पीपल के पास नए प्रवेश द्वार, गोलंबर से मंदिर तक करीब 30 मीटर सड़क और टूटे स्लोप के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया गया था ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान कोई असुविधा न हो।

राजेंद्र सरोवर छपरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम केंद्र है। यहां छठ पर भारी संख्या में व्रती पहुंचते हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य सिर्फ पर्व तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। नगर निगम को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि महापर्व सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में संपन्न हो सके।