
दैनिक खोज खबर/छपरा/सोनपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड की डुमरी बुजुर्ग पंचायत में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ योजना के तहत पंचायत स्तरीय ‘सहयोग शिविर’ का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। सात निश्चय-3 के तहत अब प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को बिहार की सभी पंचायतों में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने घोषणा की कि सहयोग शिविर या हेल्पलाइन नंबर 1100 और पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन अनिवार्य है। यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ, तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे। मॉनिटरिंग के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा 10वें, 20वें और 25वें दिन नोटिस भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि टालमटोल करने वाले अफसरों पर सख्त कार्रवाई होगी। सोनपुर के विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की कि पटना के जेपी गंगा पथ की तर्ज पर सोनपुर में ‘गंगा-अंबिका पथ’ का निर्माण किया जाएगा और इस पूरे क्षेत्र को नोएडा की तरह विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोनपुर में नया टाउनशिप और एयरपोर्ट बनने जा रहा है, जिसमें जमीन अधिग्रहण प्रभावितों को चार गुना मुआवजा मिलेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का रोडमैप साझा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां इसी जुलाई से पढ़ाई शुरू होगी। साथ ही, अनुमंडल व जिला अस्पतालों से सामान्य मरीजों को रेफर करने की परंपरा 15 अगस्त तक खत्म होगी; लापरवाही पर सिविल सर्जन जिम्मेदार होंगे। शिविर में मुख्यमंत्री ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, बासगीत पर्चा और पेंशन योजनाओं के चेक वितरित किए। मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह, अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू , छपरा विधायक छोटी कुमारी, मांझी विधायक रणधीर सिंह, एकमा विधायक धूमल सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, अधिकारी गण सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




Recent Comments