दैनिक खोज खबर/दरियापुर (सारण)। प्रखंड के हरिहरपुर एवं पिरारी डीह पंचायत में ‘विकसित भारत–समृद्ध बिहार’ कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सूबे के उपमुख्यमंत्री वीरेंद्र प्रसाद यादव ने सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और आमजनों को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार अब ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों का हर हाल में 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से नई तकनीक अपनाकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान भूमिहीन परिवारों के बीच जमीन के पर्चे भी वितरित किए गए। शिविर में पहुंचे सारण के जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 49 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 43 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष बचे आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक छोटे लाल राय, राजकिशोर राय, भाजपा नेता व सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, बैद्यनाथ प्रसाद विकल, बीडीओ दीनबंधु दिवाकर, सीओ जयंत कुमार गौतम व सीडीपीओ अंजू सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। शिविर को सफल बनाने में मुखिया उपेंद्र कुमार सिंह व पंकज कुमार मांझी की सराहनीय भूमिका रही। मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक राज कुमार सिंह ने किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को सीधे गांव और गरीब तक पहुंचाना है।