छपरा, दर्शन नगर। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में विद्यालय की प्रतिभाशाली पूर्व छात्राओं के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय की पूर्व छात्रा अंकिता कुमारी के एसडीएम पद पर चयन तथा पूर्व छात्रा साक्षी गुप्ता के लेबर इंफोर्समेंट ऑफिसर पद पर चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।अंकिता कुमारी विद्यालय के सत्र 2013 की पूर्व छात्रा हैं, जबकि साक्षी गुप्ता विद्यालय के सत्र 2010 की पूर्व छात्रा हैं। दोनों छात्राओं की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।समारोह का शुभारंभ अंकिता कुमारी एवं साक्षी गुप्ता द्वारा विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमरनाथ प्रसाद, उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह तथा प्रधानाचार्य विनोद कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।इस अवसर पर दोनों पूर्व छात्राओं ने विद्यालय के भैया-बहनों को संबोधित करते हुए अपने संघर्ष, मेहनत और सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारियों एवं प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने दोनों पूर्व छात्राओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता कुमारी और साक्षी गुप्ता की सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।कार्यक्रम में विद्यालय के भैया – बहन , आचार्य बंधु भगिनी, राजेश कुमार पाठक, राजेश कुमार, अनिल कुमार आजाद, मणि भूषण सिंहा, दर्शना सिंह, नीलू सिंह, दिलीपपति त्रिपाठी, इंदु कुमारी,रितेश रंजन, पंकज पांडे,ऋचा गुप्ता,एवं कर्मचारीगण की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।