पानापुर (सारण): प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धेनुकी में गुरुवार को लोक आस्था के महापर्व छठ पर आधारित एक भव्य और मनमोहक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “उ जे मारबो रे सुगवा धनुष से” जैसे पारंपरिक लोकगीतों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सूप और दौरा लेकर खरना तथा अर्घ्यदान के दृश्यों की सजीव प्रस्तुति दी। विद्यालय परिसर में ही एक कृत्रिम घाट का निर्माण किया गया था, जहां छात्राओं ने छठ पर्व की परंपराओं का बेहद सुंदर मंचन कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और लोक पर्वों के महत्व को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की उपासना से जुड़ा छठ पर्व हमें जीवन की गहरी सीख देता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रीना शर्मा, सुनीता सुंदरम, रश्मि, चांदनी यादव, कविता चौहान, इंद्रजीत कुमार, रुपेश कुमार, सुनील कुमार यादव और रामसेवक यादव समेत अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। वहीं, अंजलि, खुशबू, गुंजा, सुनीता, संजना, पुनिता और नंदिनी सहित तमाम छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।