पानापुर (सारण )

प्रखंड के सतजोड़ा पंचायत की मुखिया कंचन देवी के पुत्र पर पूर्व के विवाद को लेकर पट्टीदारों द्वारा फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया हैं. हालांकि इस घटना में मुखिया पुत्र बाल बाल बच गये. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मुखिया के  पीपरा स्थित आवास पहुंची एवं मामले की छानबीन की. पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस एवं एक खोखा बरामद किया हैं. इस मामले में मुखिया पुत्र अंश कुमार ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी हैं जिसमें प्रीतम कुमार सिंह एवं उसके पिता राकेश कुमार सिंह को नामजद किया हैं. दर्ज प्राथमिकी में उसने कहा हैं कि मंगलवार की शाम करीब साढ़े  सात बजे पूर्व के विवाद को लेकर  गाली गलौज करने लगे एवं हथियार लहराने लगे. जब मैंने गाली देने से मना किया तो जान मारने की नीयत से प्रीतम कुमार सिंह ने मुझपर  फायरिंग कर दिया. गनीमत रही कि मैं बाल बाल बच गया और  घर में छुपकर अपनी जान बचायी. बताते चलें कि अंश कुमार दिवंगत मुखिया देवेंद्र सिंह के पुत्र हैं जिनकी छपरा में सांसद आवास में हत्या कर दी गयी थीं. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही हैं.