पानापुर (सारण)।दीपावली एवं छठ व्रत के मद्देनजर नशाखुरानी गिरोहो का आतंक बढ़ गया है. ताज़ा मामला पटना से सामने आया है जहां पानापुर के फकुली गांव का एक युवक  नशाखुरानी गिरोह की चपेट में आकर अपना सब कुछ गंवा बैठा. बदमाशों ने युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल तथा सारा सामान लेकर रफूचक्कर हो गए. मिली जानकारी के अनुसार फकुली गांव निवासी स्वर्गीय भैरों सिंह का 35 वर्षीय पुत्र सुनील सिंह वापी गुजरात से घर आ रहे थे. बुधवार की अहले सुबह एक बजे  वे पटना जक्शन उतरे.चार बजे सुबह चारपहिया वाहन पर सवार गिरोह के सदस्यों ने तरैया जाने की बात कह गाड़ी में बिठा लिया. गिरोह के सदस्यों ने रास्ते में कोल्डड्रिंक पिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया. बेहोश होते ही बदमाशों ने उसकी जेब में रखे नकद रुपए, कीमती मोबाइल और बैग साफ कर दिया.इसके बाद उसे सड़क किनारे  बेसुध अवस्था में छोड़कर फरार हो गए. बुधवार की शाम तक जब  वे घर नहीं पहुंचे एवं मोबाइल बंद बताने पर परिजन परेशान हो गये. परिजनों ने जीआरपी से संपर्क किया.इस बीच गुरुवार की सुबह हाजीपुर जिले के काजीपुर थाने से पीड़ित युवक के घर इलाजरत होने की खबर पहुंची तो परिजन सन्न रह गये.