
सारण (डोरीगंज): अवतार नगर थाना क्षेत्र के धनौरा बाजार के पश्चिम रसूलपुर रोड किनारे मंगलवार सुबह एक करीब 60 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सैदपुर झौवा गांव निवासी भन्नु राय के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को यहां लाकर फेंका है।
सोमवार शाम से थे लापता
परिजनों के अनुसार, भन्नु राय सोमवार की शाम घर से बाहर गए थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने रातभर उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने जब खेत की ओर जाने के दौरान सड़क किनारे शव देखा, तो पुलिस को तुरंत सूचना दी। अवतार नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पहचान छिपाने के लिए कुचला गया सिर
मृतक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे शुरुआती घंटों में उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में उनकी दो पुत्रियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। अवतार नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के असल कारणों और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।




Recent Comments