
छपरा, 03 नवंबर 2026:
सारण जिला समाहरणालय सभागार में सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। दो सत्रों में करीब छह घंटे तक चली इस बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, शहरी विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं सहित 103 एजेंडे पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में वृक्ष पातन, सड़क निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, राम-जानकी पथ और सिंचाई से जुड़े अहम विषयों पर नीतिगत सहमति बनी। जनप्रतिनिधियों ने जनहित के कई मुद्दे उठाते हुए कई मामलों में जांच और रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया। महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, कई विधायक और विधान परिषद सदस्यों सहित लगभग 200 वरिष्ठ अधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया।
मीडिया से बातचीत में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने हालिया बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन के राहत और प्रबंधन कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशासन ने आपसी समन्वय के साथ सराहनीय कार्य किया है। बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया।सांसद रूडी ने बताया कि दिशा समिति की बैठक हर चार महीने पर होती है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।




Recent Comments