व्यवसायियों के काम भी होंगे और सहयोग भी करेगी पुलिस

✍️परवेज अख्तर/ सिवान: कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट)द्वारा जिलाध्यक्ष मंसूर आलम की अध्यक्षता में व्यापारियों के संग संवाद कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सारण प्रक्षेत्र के डीआइजी विजय कुमार व एसपी नवीन चंद्र झा, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी, कैट के बिहार प्रभारी अशोक वर्मा, पूर्वांचल के प्रभारी शैलेश वर्मा कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों को मोमेंटो, बुके व शॉल देकर जिलाध्यक्ष व जिला महासचिव लक्खी बाबू द्वारा सम्मानित किया गया। इससे पहले संवाद के माध्यम से व्यवसायियों द्वारा पुलिस प्रशासन से की गई मांगों को बिहार प्रभारी ने डीआइजी को सौंपा। इसपर डीआइजी ने बिंदुवार वार्ता करते हुए सभी व्यवसायियों को भरोसा दिया कि आपके सभी काम होंगे, इसमें पुलिस पूरा सहयोग अपलोगों को करेगी। शहर के चौक बाजार में सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर उन्होंने कहा कि शाम के समय में पैदल पुलिस गश्त करेगी। इसके साथ हर महीने की पहली सप्ताह में एसपी संग बैठक का समय निर्धारित करें। आपकी समस्याओं का निष्पादन किया जाएगा। डीआइजी ने व्यवसायियों को सीसी कैमरा दुकान के सामने लगाने की अपील की। कैमरा दुकान के सामने व अंदर हो। साथ ही हर महीने के रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने को कहा। उन्होंने कहा कि आपका रिकॉर्ड ही आपको प्रमाणित करेगा। किसी बात की सूचना मिले तो एसपी से सीधे संवाद करने को कहा। इसके पुलिस सुरक्षित रखेगी। जानबूझ कर किसी भी मामले में फंसाने का काम नहीं किया जाएगा। आप
अपना वीडियो वायरल करते हैं, लेकिन कोई क्रिमनल का वीडियो वारयल नहीं करता है। पुलिस को कई कांडों में सीसी कैमरे के फुटेज से बदमाशों तक पहुंचने में सहयोग मिला है। लाइसेंस रिन्यूअल व नहीं होने का जहां तक बात है पुलिस इसमें पूरा सहयोेग करेगी। जरूरत पड़ने पर डीएम से बात की जाएगी। एसपी ने व्यवसायियों को पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि पिछले दिनों सकरा बाजार पर स्वर्ण व्यवसायी के साथ लूट की घटना में चार बदमाश चिह्नित किए गए थे। इसमें दो को जेल भेज दिया गया है। दो और की गिरफ्तारी शीघ्र ही कर ली जाएगी। किसी भी घटना से संबंधित सीसी कैमरे का फुटेज सार्वजनिक नहीं करने की अपील व्यवसायियों से की। बिहार प्रभारी व यूपी प्रभारी ने व्यवसायियों से कहा कि कैट की मांग पर ही केंद्र सरकार ने पेंशन योजना लागू की है। व्यवसायियों को 28 प्रकार के लाइसेंस बनाने पड़ते हैं। इसके लिए भी कैट मांग कर रहा है कि एक व्यवसाय एक लाइसेंस हो। थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक में व्यवसायियों को शामिल करने की मांग डीजीपी से की गई है।