लापरवाही : दो घण्टे में दो बार दो हिस्सों में बंटी वैशाली एक्सप्रेस, बड़ा हादसा टला
दैनिक खोज खबर डेस्क
भारतीय रेलवे की बड़ी लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बरौनी से चलकर नई दिल्ली जानेवाली 12553 अप वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस बड़े हादसे का शिकार होने से बाल बाल बची है।
बताया जाता है कि नई दिल्ली जा रही वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस देवरिया सदर व गोरखपुर स्टेशनों के बीच दो बार दो हिस्सों में बंट गयी। खैर रहा कि इस दौरान कोई बड़ी घटना नही घटी।

इस मामले मे मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस पहले देवरिया सदर स्टेशन और फिर बैतालपुर स्टेशन के पास दो हिस्सों में बंट गयी। वैशाली एक्सप्रेस की एसी फर्स्ट समेत 5 बोगिया ट्रैक पर ही रह गयी और इंजन समेत 20 बोगियां आगे निकल गयी। जब इंजन समेत 20 बोगियां करीब 10 किलोमीटर आगे निकल गयी तब ट्रेन के गार्ड व ड्राइवर को मामले की जानकारी हुई और दुबारा ट्रेन को जोड़कर रवाना किया गया।

इस घटना की सूचना पाए वाराणसी व गोरखपुर मंडल के अधिकारियों ने गोरखपुर स्टेशन पर पहुँचकर वैशाली एक्सप्रेस के रेल यात्रियों से मुलाकात की। इस दौरान करीब डेढ़ घण्टे तक गोरखपुर स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस खड़ी रही। वैशाली एक्सप्रेस को 21:21 बजे गोरखपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
इस मामले में रेल अधिकारियों ने सोनपुर मंडल के कैरेज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दोषी ठहराया है।
रेल अधिकारियों ने मीडियाकर्मियों से बताया कि देवरिया से शाम 4:40 बजे गोरखपुर के लिए वैशाली एक्सप्रेस चली तभी कपलिंग टूट जाने से इंजन समेत 20 बोगियां अन्य बोगियों को छोड़कर आगे निकल गयी। जानकारी होने पर ड्राइवर ने ट्रेन रोक फि व दुबारा ट्रेन को जोड़कर दिल्ली के लिए निकला। मगर फिर बैतालुपर स्टेशन के पास एसी फर्स्ट व एसी टू की कपलिंग टूटने के कारण वैशाली एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंट गयी जिसे पुनः जोड़कर ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
इस घटना में मुजफ्फरपुर के दो रेल यात्रियों को मामूली चोटें आई है जिनका उपचार गोरखपुर में किया गया।