सिवान की कप्तान पिंकी को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड

मैरवा(सिवान)। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं बिहार राज्य खेल विभाग बिहार सरकार द्वारा समस्तीपुर में 10 जुलाई से 13 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय अंतर जिला सुब्रतो कप अंडर 17 बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप में सिवान की बेटियों ने लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बन इतिहास रच दिया है। विदित हो कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिलासपुर प्रखंड मैरवा की बालिका फुटबॉल टीम सिवान जिले से चयनित करके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजी गई थी ।सिवान की टीम का पहला मुकाबला मुंगेर के साथ हुआ जिसमें सिवान 10 -0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं सेमीफाइनल में सिवान का मुकाबला सारण से हुआ जिसमें 5-0 से सीवान की बेटियों ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला 13 जुलाई 2026 को खेला गया जिसमें पश्चिम चंपारण की टीम के साथ कांटेदार मुकाबला हुआ, निर्धारित समय में दोनों ही टीमों ने काफी आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई, अंततः मैच का फैसला टाइ ब्रेकर के द्वारा किया गया जिसमें सिवान की टीम ने 5-2 के अंतर से चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम किया। पूरी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए टीम की कप्तान पिंकी कुमारी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड दिया गया । इन खिलाड़ियों के मुख्य प्रशिक्षक संजय पाठक ने बताया कि पीछले वर्ष भी इस विद्यालय की बच्चियों ने राष्ट्रीय स्तर पर सुब्रतो कप में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था इस बार तैयारी काफी अच्छी है बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।सिवान टीम के चैंपियन बनने पर जिला खेल पदाधिकारी सिवान श्री उपेंद्र कुमार यादव, आई एम ए सिवान के अध्यक्ष डॉ शशि भूषण सिंहा, सचिव डॉ शरद चौधरी, डॉ रिता सिंहा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार, डॉ रामजी चौधरी, डॉ राम इकबाल प्रसाद गुप्ता, डॉ सत्य प्रकाश, डॉ अशोक कुमार, डॉ संगीता चौधरी, डॉ अशोक कुमार, डॉ शंकर सिंह ,डॉ आशुतोष सिंहा, डॉ पवन कुमार राय, मुख्य संरक्षक डॉ आर एन ओझा, रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, अलख निरंजन पांडेय ,सहित कई अन्य लोगों ने बेटियों को जीत की शुभकामनाएं और बधाई दी है