गोरखपुर 11 जून, 2021: कोरोना संक्रमण के कम होने के उपरान्त आम जनजीवन को सामान्य तथा जन सामान्य की यात्रा सुविधा को सुगम बनाने हेतु पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा वर्तमान समय में कोविड विशेष, ग्रीष्मकालीन विशेष एवं अन्य विशेष गाड़ियों का संचलन किया जा रहा है। रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुम्बई एवं अन्य बड़े शहरों को जाने वाले आम जनता की यात्रा सुगम हो इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रषासन निरन्तर यात्रियों कि मांग के आधार पर विशेष ट्रेनें चला रहा है।

देश की राजधानी दिल्ली जाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे से 42 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही है, जबकि 24 अन्य विशेष ट्रेनें दिल्ली के लिए पूर्वोत्तर रेलवे से होकर गुजरती है। इसी प्रकार मुम्बई तथा आस-पास के क्षेत्रों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 64 ट्रेनें चलाई जा रही है, जबकि 04 अन्य विशेष ट्रेनें मुम्बई के लिए पूर्वोत्तर रेलवे से होकर गुजरती है। इसके अतिरिक्त इस रेलवे से मुम्बई के पनवेल स्टेशन के लिए गोरखपुर से 03 तथा छपरा से 01 ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियों का संचलन किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 10 जून, 2021 से 28 विशेष गाड़ियों का पुनर्संचलन पूर्व में निर्धारत समय एवं ठहराव के अनुसार विभिन्न तिथियों में किया जा रहा है, ताकि रेल यात्रियों की यात्रा सुविधा में कोई परेशानी न हो। भविष्य में यात्रियों की संख्या में वृद्धि को ध्यान में रखते हुये यात्री गाड़ियों की संख्या में भी वृद्धि की जा सकती है।
पूर्वोत्तर रेलवे पर सामान्य दिनों में चलने वाली औसतन 200 मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों में से वर्तमान में 70 प्रतिशत औसतन ट्रेनें प्रतिदिन चल रही है। सभी विशेष ट्रेनों को कोविड प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए आरक्षित श्रेणी के कोचों के साथ चलाया जा रहा है। यात्रियों से अपील है कि कोविड से बचाव हेतु जारी नियमों को पालन करें।

इनपुट-(पंकज कुमार सिंह)
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी