मढ़ौरा(सारण) : स्थानीय तेजपुरवा गांव स्थित मिडिल स्कूल हिंदी की नव निर्माणाधीन छत रात्रि में ढ़लाई के वक्त ही भरभरा कर गिर गयी। हालांकि इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त स्कूल भवन की छत रविवार की रात में ढ़लाई की जा रही थी ,उसी वक्त अभी ढ़लाई का काम पूरा भी नहीं हुआ था कि छत भरभराकर गिर गई।ग्रामीणों को इसकी जानकारी सोमवार की सुबह में हुई। लोगो ने उसे गिरा हुआ देख आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने सम्बंधित इंजीनियर और हेडमास्टर पर प्राक्कलन और गुणवत्ता को ताक पर रखकर घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए इसके लिए दोषी लोगो पर जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पढाई होने के दौरान यह घटिया छत गिरती तो न जाने कितने बच्चों की जान चली जाती। उन्होंने इस निर्माण के दौरान प्राक्कलन व गुणवत्ता की धज्जियां उड़ाते हुए सरिया और सीमेन्ट में कटौती करने का भी आरोप लगा रहे है। इस घटिया निर्माण के सम्बंध में पूछे जाने पर उक्त स्कूल के हेडमास्टर ने बताया कि इस छत को ढालते वक्त एक बीम नीचे धंस गया था जिस कारण छत गिर गयी। इस गिरी हुई छत को तोड़कर फिर से ढाला जाएगा। हेडमास्टर ने घटिया निर्माण की बात को नकारते हुए निर्माण कार्य प्राक्कलन के मुताबिक कराने की बात कह रहे है।