मैरवा में अपराधियों ने मशहूर चिकित्सक की गोली मारकर की हत्या,इलाके में सनसनी

परवेज़ अख्तर/सिवान:
जिले के मैरवा के एक होम्योपैथ चिकित्सक को शुक्रवार की देर शाम शातिर अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। चिकित्सक की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।तथा आम जनमानस में स्थानीय पुलिस के प्रति बड़े पैमाने पर आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के संबंध में प्राप्त विवरण के मुताबिक चिकित्सक मैरवा स्थित अपने क्लीनिक से सीमावर्ती क्षेत्र बनकटा थाना के भटवलिया गांव स्कूटर से जा रहे थे। इसी दौरान मैरवा थाना क्षेत्र के बड़गांव के निकट शातिर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने पर जा लगी। आनन-फानन में मौजूद ग्रामीणों उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय अस्पताल पहुंची तथा शव को पंचनामा के आधार पर बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दी है। बताते हैं कि चिकित्सक परमहंस पांडेय का एक मकान मैरवा गंडक कॉलोनी मैरवा के बगल में स्थित है। वहां उनके पुत्र सपरिवार रहते हैं। डॉक्टर परमहंस पांडेय भी यहां आवास पर रहते थे। वह देर शाम क्लीनिक से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पूर्व से घात लगाए बैठे अपराधियों ने बड़गांव से कुछ दूरी आगे सीमा पर उन पर गोली चला दी। खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका था इस संबंध में मैरवा थाना पुलिस से संपर्क कर पूछा गया तो पुलिस द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दी गई।