मैरवा में अंग्रेजी शराब के साथ चार धारायें
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के मैरवा पुलिस ने यूपी से शराब ला रहे चार युवकों को 425 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बारिश का फायदा उठाते हुए शराब कारोबारी यूपी सीमा से बिहार में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सीमावर्ती रामपुर बुजुर्ग के समीप चारों कारोबारी पुलिस की पकड़ में आ गये। पुलिस सूत्रों के अनुसार कैथवली गांव के समीप से तीन बैग शराब और दो बाइक के साथ दो युवक पकड़े गये। जांच के क्रम में बैग से 410 पीस अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक गोपालगंज के फुलवरिया थाने के तुरकाहा गांव का सतेंद्र सिंह और मुफ्फसिल थाने के लखराव गांव का चुनचुन यादव है। पुलिस ने लगभग दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो अन्य कारोबारी भागने में कामयाब रहे। दूसरी सफलता पुलिस को तब मिली जब पैशन प्रो बाइक से दो युवक बैग में 16 बोतल शराब लेकर आ रहे थे। दोनों विदेशी शराब की बड़ी बोतल लेकर आ रहे थे। इसी दौरान वाहन चेकिंग में पकड़े गये। पकड़े गए युवक दरौंदा बाजार का चंदन कुमार व मन्नू कुमार सिंह है। दोनों शराब लेकर दरौंदा में एक शराब कारोबारी के यहां देने जा रहे थे। पुलिस उनसे शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार निराला के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।