मांझी। मांझी प्रखंड में मात्र दो स्थानों पर आधार कार्ड बनाये जाने से काउन्टर पर भारी भीड़ उमड़ रही है। एक काउंटर जहां प्रखंड कार्यालय में है जबकि दूसरा मांझी दक्षिण टोला में चल रहा है। अत्यधिक भीड़ व धक्का-मुक्की की वजह से नया आधार कार्ड बनवाने अथवा सुधार कराने हेतु सुदूर देहात से आने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई आवेदकों ने बताया कि एक दिन में होने वाले काम के लिए चार पांच बार प्रखंड मुख्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि काउंटर के आसपास अनेक दलाल गिरोह सक्रिय हैं तथा आधार कार्ड बनवाने का झांसा देकर भोले भाले लोगों से अवैध राशि की उगाही कर रहे हैं। मालूम हो कि विद्यालयों महाविद्यालयों में नामांकन तथा फॉर्म भरने आदि के लिए आधार कार्ड बनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आवेदकों में छात्र व छात्राओं की संख्या अधिक है। सूत्रों के अनुसार एक वर्ष पहले जानकारी मिल रही थी कि लोगों की सुविधा के लिए सरकारी स्तर पर मांझी के अलावे ताजपुर, दाउदपुर, बरेजा सहित कई जगहों पर आधार केंद्र खोले जाने की योजना है। मगर अभी तक नए केंद्र नही खुले। वहीं निजि साइबर के हाथों में दिए गए आधार सम्बंधी कार्य को बंद करा दिया गया। जिससे लोगों की परेशानी कम होती नही दिखती।