दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण) बुधवार शाम क्षेत्र में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मिर्जापुर स्थित पीएनबी बैंक के समीप मढ़ौरा-छपरा मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया।
मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर यात्री बसों, ट्रकों और निजी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आवागमन ठप होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। प्रशासन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पेड़ को हटाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, पेड़ के काफी विशाल होने के कारण इसे पूरी तरह हटाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। छोटे पेड़ों को तो रास्ते से हटा लिया गया, लेकिन मुख्य मार्ग को पूरी तरह सुचारू करने में काफी समय लगा।
मढ़ौरा, बिजली व्यवस्था चरमराई
आंधी-पानी का सबसे बुरा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। पेड़ गिरने और तारों के टूटने की वजह से मढ़ौरा शहर सहित आसपास के सभी प्रखंडों की बिजली गुल हो गई है। समाचार लिखे जाने तक पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ था और विभाग आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटा है।