संजय विजित्वर (हाजीपुर) । जल जीवन हरियाली, बाल विवाह उन्मूलन, नशा मुक्ति ,तथा दहेज प्रथा को लेकर 19 जनवरी को मानव श्रृंखला बनाकर समाज को एक संदेश देने का कार्य किया गया। बताते चलें कि प्रशासनिक स्तर पर भरपूर तैयारी के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें महिला,स्कूली बच्चे, शिक्षक और सरकारी अधिकारी, कर्मचारी भी शामिल थे। बीते शनिवार को इसकी तैयारी के रूप में उदिता सिंह,जिला पदाधिकारी, वैशाली के नेतृत्व में साइकिल रैली तथा शाम में मशाल जुलूस भी निकाला गया था जिसका आज का विराट स्वरूप सड़कों पर दिखा। वैशाली जिला के विभिन्न मार्गों पर मानव श्रृंखला बनाकर यह बताने का प्रयास किया गया कि जल और हरियाली हमारे जीवन के कितने महत्वपूर्ण अंग हैं इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। साथ ही बाल विवाह,नशा मुक्ति तथा दहेज प्रथा जैसे सामाजिक विसंगतियों को समाप्त करने हेतु इस सार्थक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा 19 जनवरी का दिन घोषित किया गया था जिस क्रम में यह दृश्य देखने को मिला। काफी ठंड के बावजूद सड़कों पर मानव श्रृंखला के लिए स्कूलीबच्चे,शिक्षक तथा सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और दिव्यांग -जन भी मुस्तैदी के साथ हाथ- में- हाथ मिलाये और भिन्न- भिन्न स्लोगन की तख्तियां लिए उद्घोष करते दिखाई पड़े। शिक्षा विभाग, वैशाली के द्वारा संगीत का कार्यक्रम भी स्थानीय रामाशीष चौक पर देखने को मिला।स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस की गाड़ी भी भ्रमण कर रही थी ताकि किसी की तबियत बिगड़ने पर प्राथमिक उपचार किया जा सके ।मानव श्रृंखला की समाप्ति के बाद जिला पदाधिकारी,वैशाली उदिता सिंह ने संतोष जाहिर किया तथा सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया ।




Recent Comments