
दैनिक खोज खबर/छपरा, 04 जुलाई।
पीएम श्री उच्च विद्यालय, कोहरा में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के उप प्रबंधक एवं भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी अरविंद सिंह ने ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों को शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन), साइबर सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अरविंद सिंह इन दिनों अपने निजी कार्य से गांव आए हुए हैं। उन्होंने इस अवसर का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में वे पीएम श्री उच्च विद्यालय, कोहरा पहुंचे और छात्रों के साथ संवाद किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण प्राप्त करना अब पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। यदि छात्र निर्धारित शर्तों को पूरा करते हैं और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हैं तो उन्हें आसानी से एजुकेशन लोन मिल सकता है। उन्होंने ऋण लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पुनर्भुगतान की व्यवस्था और इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद छात्रों ने भी उत्सुकता के साथ कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल भाषा में संतोषजनक उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अरविंद सिंह ने साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में किसी अनजान स्रोत से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड न करें और किसी भी व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के लालच, इनाम या फर्जी कॉल के झांसे में आने से बचें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित और जरूरत के अनुसार उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ किसी न किसी खेल गतिविधि में अवश्य भाग लें, क्योंकि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव सर ने अरविंद सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के भविष्य निर्माण में बेहद उपयोगी साबित होते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




Recent Comments