दैनिक खोज खबर/ छपरा/मढ़ौरा- पितामह प्रीमियर लीग का दूसरा सेमीफाइनल आज खेल भावना और रोमांच से भरपूर माहौल में सम्पन्न हुआ। मैच का शुभारंभ आयोजक एवं युवा समाजसेवी नीरज कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, एकता और खेल–संस्कृति को मजबूत करते हैं तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़े मंच पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

दूसरे सेमीफाइनल में मुजफ्फरपुर और बलहा की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम ने 14 ओवर में 174 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। टीम के स्टार खिलाड़ी तुषार कुमार ने मात्र 26 गेंदों पर 90 रन की तूफानी पारी खेलकर दर्शकों में रोमांच भर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलहा की टीम पूरी मजबूती से मैदान में उतरी, परंतु निरंतर दबाव के चलते निर्धारित ओवरों में 142 रन पर ऑल आउट हो गई।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तुषार कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आयोजनकर्ता नीरज कुमार ने जानकारी दी कि 28 नवंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे—

● मढ़ौरा विधायक जितेंद्र कुमार राय
● बिहार प्रदेश मुखिया संघ अध्यक्ष मिथलेश राय
● पितामह पैलेस के सुरेंद्र प्रसाद सिंह
● भावलपुर मुखिया भोलू सिंह
● नौतन मुखिया मिथलेश सिंह
● नौतन पंचायत समिति सदस्य रजनीश कुमार सिंह
● आयोजनकर्ता नीरज सिंह

उन्होंने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पितामह प्रीमियर लीग क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक मजबूत कदम है और फाइनल मैच में रोमांच अपने शिखर पर होगा।