दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। थाना क्षेत्र के टेहटी डबरा नदी पुल के पास एक अनियंत्रित बाइक के तेज ठोकर से एक बाइक मिस्त्री की मौके पर मौत हो गई। मृतक टेहटी बाजार बाइक मिस्त्री था और एक सर्विसिंग सेंटर चलाता था। मृतक मढ़ौरा के हसनपुरा गांव का निवासी बद्री राय का 29 वर्षीय पुत्र विनोद राय बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार युवक का बाइक सर्विसिंग का दुकान तेहटी बाजार पर था । रोज की तरह शुक्रवार की सुबह वह अपनी दुकान को खोलकर दुकान में झाड़ू लगा रहा था। इसी दौरान एक तेज गति में अनियंत्रित बाइक चालक ने उसे सामने से धक्का मार दिया। धक्का लगने से बुरी तरह से जख्मी विनोद राय को आस पास के लोगों ने उठाकर बगल के एक क्लिनिक पर लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चूकी थी। घटना से नाराज लोगों ने ठोकर मारने वाले बाइक चालक को अपने कब्जे में ले लिया और उसकी धुनाई कर दी। बाद में सूचना पर पहुंची मढ़ौरा पुलिस ने आरोपी युवक को अपने कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो थाना के सीमा पर घटित घटना को लेकर अमनौर थाना भी मौके पर पहुंची और विधि व्यवस्था के नियंत्रण में जुट गई। इस दौरान पुलिस को आक्रोशीत लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस लोगों को समझा बुझा कर शांत कराने में सफल रही।