पंचायत उपचुनाव के लिए कर्मियों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न

#आज होगी ड्यूटी के लिए प्रखंडों में प्रतिनियुक्ती:
#सदर प्रखंड में दोपहर दो बजे लगायी जाएगी सूची:
छपरा. पंचायत उपचुनाव के लिए कर्मियों का द्वितीय प्रशिक्षण बुधवार को ललित नारायण ब्राह्मण उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया. दो पालियों में कुल 1136 कर्मियों को मतदान कार्य संचालन का संपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के बाद दंडाधिकारी की ड्यूटी में लगाये गये कर्मियों से जहां विशेष प्रपत्र भरवाए गये वहीं पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान पदाधिकारी समेत दंडाधिकारी और पेट्रोलिंग सह संग्रह पदाधिकारी से प्रशिक्षण प्राप्त करने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया. प्रशिक्षण देने के लिए कुल 22 मास्टर ट्रेनर जहां 10 कमरों में लगाये गये थे वहीं प्रशिक्षण कोषांग प्रभारी यदुनंदन प्रसाद, केंद्र प्रभारी जिला श्रम अधीक्षक रमेश कमल रत्नम ने अलग-अलग कमरों में तकनीकी जानकारियां दीं. श्री रत्नम ने बताया कि पंचायत उपचुनाव ईवीएम के द्वारा कराया जाना है लिहाजा प्रत्येt क स्तर के कर्मी को ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण विस्तार से दिया गया. वहीं उन्हें हैंड ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया. प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक स्तर का टिप्स देते हुए विशेष तौर पर चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देशों और आचार संहिता की जानकारी दी गयी. उन्होंने बताया कि चुनाव आगामी आठ जुलाई को आयोजित होगा. गुरुवार को मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण ब्राह्मण स्कूल पर ही कराया जाएगा. वहीं मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त प्रखंड की जानकारी देने के लिए गुरुवार को सदर प्रखंड में बुलाया गया है. प्रशिक्षण के सफल संचालन में कोषांग के अनिल कुमार शर्मा, मणीकांत तिवारी, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार, नदीम अहमद, शशिभूषण शाही, अंबदत्त गुंजन, शुभनारायण ओझा, मंटू कुमार, ओमप्रकाश राम आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
कहां किस पद का होगा चुनाव
पंचायत उपचुनाव जिले के 19 प्रखंडों के 167 बूथों पर आयोजित होंगे जिसके तहत बनियापूर के 2 ग्राम पंचायत और 5 पंच, एकमा के 1 ग्राम पंचायत व 14 पंच, मांझी के 1 ग्राम पंचायत व 24 पंच, रिविलगंज के 1 ग्राम पंचायत व 6 पंच, छपरा सदर के 1 ग्राम पंचायत व 9 पंच, जालालपुर के 5 पंच, नगरा के 1 पंच, मढौरा के 2 ग्राम पंचायत, तरैया के 2 ग्राम पंचायत, 2 पंच व 1 सरपंच, इसुआपुर के 2 ग्राम पंचायत व 5 पंच, मशरक के 1 ग्राम पंचायत व 3 पंच, पानापुर के 2 ग्राम पंचायत व 3 पंच, अमनौर के 3 ग्राम पंचायत, 12 पंच व 1 सरपंच, मकेर के 1 ग्राम पंचायत व 3 पंच, परसा के 4 पंच, गरखा के 1 सरपंच व 1 मुखिया, दरियापुर के 1 ग्राम पंचायत व 3 सरपंच, दीघवारा के 3 पंच तथा सोनपुर के 1 ग्राम पंचायत, 2 पंच और जिला परिषद के 1 पद पर चुनाव होंगे.
कुल 130 पदों के लिए होगा चुनाव
ग्राम पंचायत सदस्य- 21
पंच – 105
सरपंच – 2
मुखिया – 1
जिला परिषद सदस्य-1