गोपालगंज: गोपालगंज के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के भोज छापर गांव के पास गंडक नदी की सहायक नारायणी नदी में सोमवार को नाव पलटने से तीन बच्चों समेत चार की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लापता की तलाश स्थानीय गोताखोर व एसडीआरएफ की टीम कर रही है। नाव हादसे में मृत सभी लोग कर्तनाथ मंदिर के पास सोमवार को लगा मेला देखने के लिए आ रहे थे। पुलिस ने नाव दु़र्घटना में मृत चारों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में विशंभरपुर थाना क्षेत्र के विनोद मटिहिनिया गांव के नंद किशोर महतो का पुत्र पवन महतो (10), रामपुर मुकुंद गांव के निवासी बम बहादुर का पुत्र आकाश (14), कुचायकोट थाना क्षेत्र के हाता मठिया गांव निवासी ब्रजेश गुप्ता की पत्नी पुष्पा देवी (25) तथा विशंभरपुर थाना क्षेत्र के ही सल्लेहपुर मटिहिनिया गांव निवासी रामेश्वर राम का पुत्र गोलू कुमार (12) शामिल हैं। लापता में एक चार साल की लड़की सृष्टि भी है।