नवजात की मौत के बाद परिजनों का हंगामा

#परवेज़ अख्तर/सिवान:
नगर थाना क्षेत्र मखदुम सराय मोड़ स्थित एक चिकित्सक के क्लीनिक में गुरुवार की सुबह सुबह हंगामा हो गया। हंगामे का कारण एक नवजात की मौत थी। मृत बच्चे के परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया और बीच सड़क उतर कर कुछ देर के लिए प्रदर्शन किया। इसकी सूचना जैसे ही नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी को मिली दलबल के साथ फेराज हुसैन वहां पहुंचे और आक्रोशितों को समझा बुझा कर शांत कराया। वहीं कुछ देर के बाद दोनों पक्षों की सहमति के बाद मामले को शांत करा लिया गया और मृत बच्चे के परिजनों ने थाने में कोई आवेदन ना देने की बात कह अपने घर का रुख कर लिया। मामले में पचरुखी थाना क्षेत्र के साह तकीया निवासी मेराज ने बताया कि 19 जुलाई को उसकी पत्नी ने एक नवजात को जन्म दिया। जन्म देने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे 20 जुलाई को मखदुम सराय समीप एक क्लीनिक में भर्ती कराया गया। जहां तीन दिन तक इलाज के बाद रेफर करने की बात कही गई लेकिन चिकित्सकों द्वारा उसे रेफर नहीं किया गया और गुरुवार को उसकी मौत हो गई। वहीं चिकित्सक का कहना था कि नवजात की स्थिति नाजुक थी उसका इलाज किया गया लेकिन गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। गुरुवार की सुबह बच्चे की मौत के बाद सभी बच्चे को लेकर अपने घर चले गए और अचानक सुबह आकर पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। रुपये नहीं देने पर क्लीनिक में हंगामा किया गया। जिस पर नगर थाना को सूचना दी गई पुलिस ने पहुंच कर मामले को शांत कराया। मामले में नगर थाना में तैनात एसआई फेराज हुसैन ने बताया कि किसी भी पक्ष द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। कुछ देर के लिए हंगामा की सूचना मिली थी मौके पर पहुंच कर सभी को शांत करा दिया गया।
———
नवजात की मौत के बाद परिजनों का हंगामा




Recent Comments