
नगर पार्षदों से एमडीए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील
- एमडीए कार्यक्रम में दिया जाना है डीईसी व एलवेंडाजोल की गोली
- 20 सितंबर से शुरू होगा कार्यक्रम
मुजफ्फरपुर। 8 सितम्बर
20 सितंबर से शुरू होने वाले सर्व जन दवा कार्यक्रम को शहरी क्षेत्र में सफल बनाने के लिए जुब्बा सहनी पार्क ऑडिटोरियम में नगर पार्षदों के साथ बैठक की गयी। जिसमें उनसे एमडीए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की गयी। पीसीआई के संजय कुमार ने पार्षदों को समझाया कि फाइलेरिया बहुत गंभीर बीमारी है। यह रोग मच्छर के द्वारा फैलता है। 20 सितंबर से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ होना है। जिसमें दो वर्ष से ऊपर के लोगों को डीईसी तथा एलवेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में आए मेयर मानवेंद्र शुक्ला ने कहा कि यह बीमारी हमारे आस -पास की गंदगी में पैदा होने वाले मच्छर से फैलती है। फाइलेरिया का प्रकोप लोगों में न हो इसके लिए ही सरकार की ओर से दवा खिलाई जा रही है। इस कार्य को आशा के द्वारा किया जाना है। जिसमें वह घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएगी। मेयर ने नगर पार्षदों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तौर पर प्रचार -प्रसार तथा जागरुकता फैलाने का आग्रह किया।
कटोरी मेथड से खिलायी जानी है दवा
नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रे ने बताया कि कोविड के इस समय में जरूरी है कि दवा खिलाने वक्त सोशल डिस्टेसिंग तथा मास्क के नियम का पालन कर ही दवा खिलायी जाए। इसके लिए कटोरी मेथड का इस्तेमाल किया जाएगा। जिसमें आशा दवा को एक कटोरी में रखेगी और सामने वाला व्यक्ति उसे खुद उठा कर उसका सेवन करेगा। ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन हो सकेगा। वहीं एमडीए कार्यक्रम के बारे में मैत्रे ने बताया कि यह कार्यक्रम सरकार के द्वार एक वर्ष में एक बार चलाया जाता है। फाइलेरिया के लक्षण देरी से उभरते हैं इसलिए इसमें सावधानी और भी जरुरी है।
इन्हें नहीं खिलाई जाएगी दवा
पीसीआइ के संजय कुमार ने कहा कि एमडीए कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों तथा गंभीर रोगों के मरीजों को यह दवा नहीं दी जाएगी। फाइलेरिया से बचाव के लिए एमडीए कार्यक्रम के दौरान दी जाने वाली डीईसी तथा एलवेंडाजोल की गोलियां प्रत्येक वर्ष खानी चाहिए। रात को सोने वक्त हमेशा मच्छरदानी का प्रयोग करें। वहीं हमें ध्यान रखना है कि अपने आस-पास गंदगी और मच्छर पनपने की स्थिति न होने दें। मौके पर मेयर मानवेंद्र शुक्ला, नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रे, नगर विधायक विजेन्द्र चौधरी, कांटी के विधायक इजराइल मसूद, पीसीआइ एसएमसी संजय कुमार समेत नगर पार्षद उपस्थित थे।




Recent Comments