दीपावली की रात तिलकार गांव में आग लगने के कारण तीन दर्जन परिवार हुए बेघर
संवाददाता, एकमा
प्रखण्ड क्षेत्र के परसा पूर्वी पंचायत के अंतर्गत आनेवाले तिलकार गांव में आग लगने से हाहाकार मच गया। बुधवार की रात्रि तिलकार गांव में आग लगने के कारण तीन दर्जन लोगों के घर पुरी तरह जलकर खाक हो गए।

घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मगर फायर ब्रिगेड आग बुझाने में विफल रहा। स्थानीय लोगो ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने का किया गया सारा प्रयास विफल साबित हुआ।

घटना की सूचना पर एकमा के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कुंदन कुमार ने तिलकार गांव में पहुँच कर स्थिति का जायजा लिया व वरीय अधिकारियों की मामले की जानकारी दी। इस दौरान एकमा के अंचल अधिकारी भी उपस्थित थे।

पीड़ित परिवार से मिले विधायक
—-
तिलकार गांव में आगलगी की घटना से बेघर हुए परिवारों से विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह ने मुलाकात की। विधायक ने कहा कि इस विकट परिस्थिति में वे पीड़ित परिवार के साथ है उन्होंने जिला प्रशासन से हर सम्भव मदद दिलाने का आश्वासन पीड़ित परिवार को दिया।

तिलकार गांव पहुँचे एसडीओ
—–
आगलगी की सूचना के बाद दोपहर में सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा भी तिलकार गांव पहुचे। एसडीओ श्री मिश्रा ने हर सम्भव मदद का आश्वासन देते हुए पीड़ित परिवारों को कम्बल, पॉलीथिन आदि का वितरण किया। एसडीओ ने एकमा बीडीओ व सीओ को पीड़ित परिजनों को हर सम्भव मदद का निर्देश दिया।

आग लगने के कारणों का पता नही
—–
बुधवार की रात्रि तिलकार गांव में आग कैसे लगी इस बारे में ठोस जानकारी नही मिल सकी है। स्थानीय लोगो का कहना है कि आग की लपटें सबसे पहले मंन्नौर मिया, नूरहसन मियां, व बालेश्वर राय के घर की ओर देखी गयी फिर देखते ही देखते आग ने पुरी बस्ती को स्वाहा कर दिया। इस आगलगी में 30 बकरियों के भी जलने की बात बताई जा रही है।

एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने पीड़ित परिजनों के बीच सरकारी चेक का वितरण किया। विधायक ने 30 पीड़ित परिवार को 9800 रुपये का चेक दिया।