(जांच में जुटी पुलिस)

दैनिक खोज खबर/भेल्दी(सारण)/02/10/25। सारण जिले के भेल्दी-अमनौर मुख्य मार्ग पर गुरूवार को दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग मेें दो की हत्या कर दी गई।मृतकों में राहुल पाण्डेय(26) भेल्दी थाने के खरीदाहा गांव निवासी व अपहर पंचायत के पूर्व उपमुखिया विनोद पाण्डेय का पुत्र बताया जाता है। वहीं दूसरा मृतक सूरजकांत कुमार (17) उसी गांव के सुधांशु पाण्डेय का पुत्र बताया जाता है।पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरूवार को दोपहर के करीब 2 बजे भेल्दी थाने के जलालपुर चौक पर एक होंडा अमेज कार आकर रूकी। कार में सवार एक युवक सामान लेने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा, तभी कार के अंदर से अचानक अंधाधुंध गोलियां चलने लगी। कार के अंदर राहुल पाण्डेय लहुलुहान पड़ा था। ड्राइविंग सीट पर बैठा सूरजकांत सड़क पार करके भागने लगा, मगर गोली लगने से वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।इसी दौरान कार से उतरे दो अपराधी पिस्टल लहराते हुए धान की खेत की ओर भाग गए। फिर एक ई-रिक्शा से कुछ दूर जाकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को गड़खा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां राहुल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि जख्मी सूरजकांत को पीएमसीएच रेफर कर दिया जहां गुरूवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी संजय कुमार एवं मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचें और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा व कारतूस को बरामद कर लिया है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर हत्यारों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस तीन नामजद अभियुक्तो को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष हरेराम कुमार ने बताया कि मृतक राहुल पाण्डेय पर भेल्दी थाना में तीन और मकेर थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है। दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में हुए दोहरे हत्या और गोलीकांड से भेल्दी व आस-पास के इलाके में दहशत का माहौल है।

डबल मर्डर कांड में तीन आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार :

मामले में कांड संख्या 258/25 धारा 61(2)/103(1) 3 (5), बीएनएस एवं 25(1B)A 26/35/27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान के नेतृत्व में गठित एसआईटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों में तीन को गिरफ्तार कर लिया हैं और अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। तीन गिरफ्तार अभियुक्तों में मुन्ना कुमार पिता शत्रुघ्न राय सकिन गोपालपुर थाना भेल्दी, राजू कुमार पिता संजय राय सकिन ढाला मोड़ जलालपुर थाना भेल्दी और रौशन कुमार पिता वृज राय सकिन खरीदहां थाना भेल्दी सभी जिला सारण के बताए जाते हैं।