दैनिक खोज खबर /दरियापुर (सारण)।परसा-सीतलपुर सड़क मार्ग पर मनचितवां पुल के समीप सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गड्ढे में पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलपुर की ओर से आ रही अर्टिगा कार अचानक संतुलन खो बैठी और पुल के नीचे जा गिरी। पलटने की जोरदार आवाज सुन आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के भीतर फंसे लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला। बताया जाता है कि कार सवार लोग पटना से आ रहे थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित प्रयास से बड़ा हादसा टल गया। कार को निकालने की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।