एकमा/सारण। पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-सीवान रेलखंड के महेन्द्र नाथ हॉल्ट स्टेशन के समीप अप लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन से अचानक गिर जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि ट्रेन की चपेट में आ जाने से घायल युवक की दाहिने हाथ में गहरे जख्म बन गए। आसपास के लोगों की सूचना पर एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के एम्बुलेंस से घायल युवक को तत्काल लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। जहां गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के मोहब्बत परसा गांव निवासी नवल किशोर सिंह के पुत्र रंजीत कुमार सिंह (32) के रूप में की गयी।
एकमा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल छपरा एम्बुलेंस से भेज दिया गया। बताया गया है कि सदर अस्पताल पहुंचने के दौरान घायल रंजीत कुमार सिंह की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार सिंह अप लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर छपरा से वराणसी जा रहे थे। इसी दौरान महेन्द्रनाथ हॉल्ट स्टेशन के समीप सोमवार की सुबह अचानक वह ट्रेन से गिर पड़े। गिरने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ जाने से रंजीत कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गहरे जख्म कट कर बन गए। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गये। वारदात की जानकारी पाकर मृतक के परिजन सदर अस्पताल छपरा पहुंचे। जहां परिजनों के चिख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मारपीट में सात लोग घायल
छपरा/सारण। एकमा पुलिस अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आपसी व भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिला समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों में सरांव गांव की सीमा कुमारी, फूलहरी देवी, नरहनी गांव के मुसाफिर महतो, सुमन देवी. राजापुर गांव के सुदर्शन प्रसाद, चन्दउपुर गांव के विकास कुमार सिंह सहित सात लोग शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एकमा में किया गया। इस संबंध में घायलों के द्वारा थाने में नामजद सूचना दी गई गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।